चालान करने पर ट्रैफिक के सिपाही को पीटा, वर्दी फाड़ी
गाजियाबाद। मेरठ तिराहे पर चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार का हेलमेट का चालान काटना ट्रैफिक पुलिस के सिपाही को भारी पड़ गया। स्कूटी सवार थोड़ी देर बाद वापस आया और सिपाही के साथ मारपीट करते हुए वर्दी फाड़ दी। सिपाही ने लोगों की मदद से आरोपी को पकड़कर नंदग्राम पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
दर्ज कराई गई रिपोर्ट में ट्रैफिक पुलिस के सिपाही कपिल यादव का कहना है कि वह साथी पुलिसकर्मी प्रतिपाल के साथ मेरठ तिराहा यातायात पार्क पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक बिना हेलमेट तेज गति में आए। रुकने का इशारा करने पर वह भागने लगे, लेकिन जाम लगा होने के कारण साथी पुलिसकर्मी ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद उनका चालान करके भेज दिया गया। सिपाही का कहना है कि थोड़ी देर बाद स्कूटी सवार युवक फिर से मेरठ तिराहे पर आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने उनकी वर्दी भी फाड़ दी। ऑटो चालकों व राहगीरों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया। नंदग्राम एसएचओ नीरज कुमार सिंह का कहना है कि सिपाही कपिल यादव के साथ मारपीट करने वाला आरोपी इस्लामनगर कैला भट्ठा निवासी जुनैद है। मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।