विद्युत कनेक्शन काटने की बात कहकर 55 हजार ठगे
गाजियाबाद। बिजली का कनेक्शन कटने का मेसेज भेजकर ठगी करने का एक मामला सामने आया है। शातिरों ने कविनगर क्षेत्र के अवंतिका निवासी संजय गुप्ता को झांसे में लेकर उनके खाते से 55 हजार रुपये निकाल लिए। मामले में उन्होंने पुलिस और साइबर सेल से शिकायत की है।
संजय गुप्ता एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनका कहना है कि 13 जून को उनके पास बिजली विभाग के नाम पर एक मेसेज आया जिसमें बकाया बिल का भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काटने की बात कही गई। मेसेज में एक मोबाइल नंबर भी दिया गया। उन्होंने उस पर संपर्क कर समय से बिल जमा करने की बात बताई लेकिन शातिर ने उन्हें झांसे में लेकर कहा कि विभाग में नया सिस्टम लगाया गया है उसमें आपका बिल अपडेट नहीं है। इसके लिए शातिरों ने एक लिंक भेजकर जानकारी भरने और 10 रुपये का भुगतान करने के लिए कहा। शातिरों के कहने पर उन्होंने वैसा ही किया तो उनके खाते से 55 हजार रुपये कट गए। साइबर सेल प्रभारी सुमित कुमार का कहना है कि इसी तरह से ठगी के लिए शातिर मेसेज भेज रहे हैं लेकिन इस तरह के मामले में रुपये निकलने का पहला मामला सामने आया है, जांच की जा रही है।