तेज आंधी के चलते शहर में कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद/बल्लभगढ़। शुक्रवार देर रात आई आंधी से शहर भर में जगह-जगह पेड़ और पोल उखड़कर सड़कों पर आ गिरे। इसके चलते कई स्थानों पर बिजली गुल हुई तो पेड़ और पोल गिरने से रास्तों पर जाम भी लग गया। बिजली के पोल और ट्रांसफार्मरों के गिरने के चलते ग्रेटर फरीदाबाद की कई सोसाइटी सहित सेक्टरों के लोगों को 5 से 6 घंटे तक बिजली कटौती की समस्या से जूझना पड़ा। वहीं, गांव मच्छगर में 7 बिजली के खंभे और दो बिजली ट्रांसफार्मर गिरने की वजह से 21 घंटे तक गांव में बिजली नहीं आई। इसके अलावा खेड़ी कला और पाली में भी 12 घंटे तक लोगों को बिजली समस्या से जूझना पड़ा।
शुक्रवार रात करीब 10 बजे तेज आंधी के चलते शहरवासियों को भीषण गर्मी से तो राहत मिली लेकिन जगह-जगह पेड़ों ने बिजली के पोलों को भी उखाड़ दिया। गांव मच्छगर निवासी पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष राम प्रकाश ने बताया कि बैंक वाली सड़क पर लगे 7 बिजली के खंभे और दो ट्रांसफार्मर टूटकर गिर गए। इसकी वजह से पूरे गांव में देर रात से बिजली बाधित रही। इस घटना की सूचना सुबह गांव वालों ने बिजली विभाग को दी। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर नए खंभे व ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य शुरू कर दिया। शनिवार देर शाम 7 बजे तक भी गांव में बिजली नहीं आई। रात में लंबे समय तक लाइट न आने की वजह से लोग परेशान रहे।
दूसरी ओर गांव सुनपेड़, गांव सागरपुर, गांव सोतई, गांव साहुपुरा, खेड़ी कला, पाली, एनआईटी 5 नंबर, सैनिक कॉलोनी, एक नंबर, दो नंबर, सेक्टर 2, सेक्टर 16, सेक्टर 17 आदि में भी रात को चार से 7 घंटे तक बिजली कटौती की समस्या से जूझना पड़ा। देर रात से बिजली आपूर्ति बाधित होने की वजह से लोगों के घरों में इनवर्टर की बैटरी डिस्चार्ज हो गई। वहीं, कई लोग बिजली और पानी नहीं होने की वजह से ऑफिस नहीं जा पाए, साथ ही कई बच्चों की स्कूल से छुट्टी भी कराई गई।
-
20 घंटे में आई 2500 शिकायतें
बिजली विभाग कंट्रोल रूम इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि देर रात आंधी की वजह से जिले के कई इलाकों में बिजली बाधित रही। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम में रात 10 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक 800 बिजली बाधित की शिकायतें आई। वहीं, सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक 1700 शिकायतें आई। इसमें सबसे ज्यादा शिकायतें खंडी कला और पाली जॉन से आईं थीं।
-
ग्रेटर फरीदाबाद में कई स्थानों पर बिजली गुल
ग्रेटर फरीदाबाद स्थित एडल डिवाइन कोर्ट सोसाइटी के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और लोगों ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे से बिजली नहीं है। दोपहर में थोड़ी देर के लिए सप्लाई हुई फिर आपूर्ति प्रभावित हो गई। विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है। शहर में बिजली की अव्यवस्था के कारण लोगों का गर्मी में बुरा हाल है। आम दिनों में भी 4-6 घंटे के बिजली कट लग रहे हैं। वहीं, सेक्टर-29 के आरडब्ल्यूए महासचिव सुबोध नागपाल ने बताया कि रात 10:10 बजे से प्रभावित बिजली की सप्लाई करीब 4 घंटे बाद हुई। तीन बजे एक बार फिर बिजली कट गई और करीब 6 घंटे बाद सप्लाई हुई। शनिवार को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा सेक्टर-28, सेक्टर-37, सेक्टर 30, 21 सी, सेक्टर-21डी, एसजीएम नगर, संजय कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी, भारत कॉलोनी, लक्कड़पुर, शिव दुर्गा विहार, रौशन नगर, इस्माइल पुर और आस-पास के हिस्सों में 10-14 घंटे का कट लगा। शहरवासी बिजली कटौती से कारण परेशान रहे।
-
लोगों से बातचीत
बिजली कटौती और गर्मी में बहुत परेशानी हो रही है। आंधी के बाद सोसाइटी में लंबे-लंबे कट लग रहे हैं। बिजली निगम की लापरवाही आम नागरिकों पर भारी पड़ रही है।
- अश्विनी शुक्ला, पूर्व प्रधान, फ्लोरिडा सोसाइटी
-
सेक्टर में रात भर बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। हर दो तीन घंटे बाद लंबे-लंबे कट लग रहे हैं। शनिवार को भी यही स्थिति बनी रही। अधिकारियों को समस्या की ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।
- नारायण सिंह, उप प्रधान, आरडब्ल्यूए सेक्टर-29 (हुड्डा)