नहर पार फर्नीचर की फैक्ट्री में लगी आग को बुझाते दमकलकर्मी ।
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। शहर की दो फैक्टियों में शनिवार को आग लग गई। इससे लाखों रुपये का सामान जल गया। गनीमत रही कि घटना में किसी को चोट नहीं आई है। दमकल विभाग ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
एनएचपीसी चौक स्थित कोरफोम फैक्टरी में सुबह करीब 11 बजे आग लग गई। फैक्टरी में गद्दे बनाने के काम होता है। सूचना पाकर सेक्टर-31 दमकल कार्यालय से एक गाड़ी मौके पर पहुंची। आग बढ़ती देख एनआईटी, सेक्टर-15 ए, बल्लभगढ़ और सूरजकुंड में आपातस्थिति के लिए बाहरी क्षेत्र में तैनात गाड़ी को मौके पर भेजा गया। 8 गाड़ियों में करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शाम चार बजे तक दमकल की एक गाड़ी फैक्टरी में खड़ी कर दी गई। दूसरे मामले में ग्रेटर फरीदाबाद स्थित भारत कॉलोनी में एक फर्नीचर फैक्टरी में आग लग गई। फैक्ट्री को नरेश नाम के व्यक्ति ने किराये पर ले रखा है। यहां डिजाइनर फर्नीचर व होम डेकोर का काम होता है। फैक्टरी के ठीक सामने हाईटेंशन तार गुजर रही थी। करीब एक बजे तार से चिंगारी उठनी शुरू हुई। देखते ही देखते आग फैक्टरी कार्यालय तक पहुंच गई। अंदर लकड़ी का सामान होने के कारण आग भड़क गई। फैक्टरी के साथ बनी गैस चूल्हा बनाने वाली वर्कशॉप के संचालक दीपक वर्मा ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले 101 नंबर पर फोन किया था। आरोप है कि नंबर किसी ने नहीं उठाया। कई बार फोन करने के बाद भी प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने डायल 112 पर फोन किया। थाना खेड़ीपुल से पुलिस आने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आनी शुरू र्हुइं। करीब आठ से दस गाड़ियों ने लगभग 2.5 घंटे में आग पर काबू पाया। तब तक सारा सामान जल गया था। जिला अग्निशमन अधिकारी सत्यवान समरीवाल का कहना है कि दोनों जगहों पर दमकल विभाग की गाड़ियां समय से पहुंच गई थी। सूचना मिलने के एक मिनट के भीतर गाड़ी भेज दी जाती हैं। किसी तकनीकी कारण से सूचना मिलने में देरी हो, इसके बारे में कहा नहीं जा सकता। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।