फरीदाबाद। जिले में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना नए मरीजों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के चार नए मरीज मिलने की पुष्टि की है, जिसके बाद कुल डेंगू मरीजों की संख्या 109 हो गई है। डेंगू, मेलरिया के मामले बढ़ने के साथ ही अस्पतालों में मरीजों की भीड़ काफी बढ़ गई है।
पिछले दिनों आई बारिश के बाद मौसम लगातार बदल रहा है। मौसम में आए बदलाव से डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। सरकारी व निजी अस्पतालों में सामान्य ओपीडी बुखार के मरीजों से फुल हो गई है। सिविल अस्पताल बीके और ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल सहित निजी अस्पतालों की ओपीडी में 30 फीसदी की वृद्धि हुई है। ये मरीज बुखार, सर्दी और संक्रमण से पीड़ित हैं। डॉक्टरों का कहना है कि यह फ्लू का मौसम है। वायरल के मरीज अचानक बढ़ने से अस्पतालों में मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है। अस्पतालों में दाखिल होने वाले मरीजों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। अस्पतालों में बेड मरीजों से भरते जा रहे हैं। सिविल अस्पताल बीके में भी ओपीडी, इमरजेंसी व अन्य जगहों पर मरीजों की काफी संख्या देखी जा सकती है। वहीं, डेंगू के मरीजों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। डेंगू नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग एंटी लार्वा एक्टिविटी को बढ़ाने का दावा कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग रोजाना लार्वा मिलने के चलते 150 से अधिक नोटिस जारी कर रहा हैं। 40 टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में रोजाना एंटी लार्वा एक्टिविटी चला रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू और बुखार के नियंत्रण के लिए लगातार काम किया जा रहा है। हमारी टीमें लार्वा जांचने के साथ ही लोगों को जागरूक भी कर रही हैं। घर-घर में जाकर लार्वा की जांच की जा रही है। नगर निगम के सहयोग से फॉगिंग कराई जा रही है।
- डॉ. राम भगत, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी