फरीदाबाद। लोगों को सीवर ओवरफ्लो की समस्या से निजात दिलाने के लिए आठ सीवर शोधन संयंत्र (एसटीपी) लगाने का काम जल्द शुरू होगा। सीवर शोधन संयंत्र लगाने में स्मार्ट सिटी लिमिटेड मदद कर रहा है। 64 करोड़ के प्रोजेक्ट की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। शोधित पानी का प्रयोग बागवानी और उद्योगों में होगा।
शहर में सीवर ओवरफ्लो और जाम की समस्या रहती है। पुरानी लाइनों की क्षमता कम होने के कारण लोगों को ओवरफ्लो की समस्या से जूझना पड़ रहा है। कई बार उन्हें प्रदर्शन करना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए निगम ने कई जगहों पर छोटे क्षमता वाले सीवर संयंत्र लगाने की योजना बनाई थी लेकिन धन के अभाव में कार्य सिरे नहीं चढ़ पा रहा था। ऐसे में इस परियोजना पर स्मार्ट सिटी लिमिटेड निगम का मदद कर रहा है। संयंत्र लगाने का पैसा स्मार्ट सिटी लिमिटेड दे रहा है, जबकि जगह नगर निगम का है। इसके लिए काम अलॉट कर दिया गया है। जगह की उपलब्धता के अनुसार एसटीपी लगाए जाएंगे।
----
26 लाख की आबादी पर तीन संयंत्र
शहर के सीवर को शोधित करने के लिए तीन बड़े सीवर शोधन संयंत्र लगे हुए हैं। तीनों संयंत्रों की क्षमता कम है। इस कारण शहर में अक्सर सीवर ओवरफ्लो की समस्या रहती है। सबसे ज्यादा समस्या जवाहर कॉलोनी, पर्वतिया कॉलोनी, संजय कॉलोनी, सेक्टर-55, एनआईटी व बल्लभगढ़ क्षेत्र की रहती है। घरेलू सीवर करीब 259 एमएलडी पैदा होता है। इसके लिए बादशाहपुर में 45 एमएलडी, प्रतापगढ़ में 50 और मिर्जापुर गांव में 45 एमएलडी का एसटीपी है। इससे अभी करीब 157 एमएलडी पानी शोधित हो रहा है। इसे देखते हुए निगम आठ जगहों पर एसटीपी लगवा रहा है। एसटीपी की क्षमता एक से 15 एमएलडी तक रहेगी।
---
शहर में आठ एसटीपी लगाने का कार्य जल्द शुरू होगा। इसे लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है। सीवर का पानी शोधित कर पार्क, ग्रीन बेल्ट या उद्योगों को दिया जाएगा। इससे शहर में सीवर ओवरफ्लो की समस्या दूर होगी।
अभिषेक मीणा, अतिरिक्त निगमायुक्त
-----
यहां लगेंगे एसटीपी-
प्याली चौक 5 एमलएडी
गोल्फ कोर्स रोड 1.5 एमएलडी
सेक्टर-45 2 एमएलडी
सेक्टर-33 15 एमएलडी
एनएचपीसी चौक 1 एमएलडी
टाउन पार्क सेक्टर12 1 एमएलडी
सीही गांव- 1 एमएलडी
झाडसेंतली- 2 एमएलडी