सराय रोहिल्ला इलाके में रविवार रात एक प्राइवेट स्कूल के गार्ड की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी उस समय हुई जब दूसरा गार्ड ड्यूटी पर आया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर मामले को सुलझाने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी एक महिला के साथ स्कूल परिसर स्थित पार्क में बैठा था। गार्ड ने उन्हें वहां से जाने के लिए कहा। इसी बात पर आरोपी ने पत्थर से गार्ड के सिर को कुचल दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त श्रीनगर कालोनी निवासी पवन(35) के रूप में हुई। वह अपनी बुजुर्ग मां शीला के साथ रहता था और इलाके में स्थित एक निजी स्कूल में बतौर सिक्यूरिटी गार्ड काम करता था। शीला ने बताया कि रात नौ बजे घर से खाना लेकर वह स्कूल गया था।
रात 11 बजे दूसरा गार्ड श्रीनाथ जब स्कूल पहुंचा तो पवन को लहूलुहान अवस्था में देखा। उसने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी।