शादी से इनकार करने पर युवक ने प्रेमिका की बहन के सात साल के बेटे को अगवा कर लिया। परिवार वालों से पांच लाख की फिरौती मांगी। शिकायत मिलने के 24 घंटे बाद पुलिस ने आरोपी समेत तीन को दबोच लिया। उनके कब्जे से बच्चा बरामद कर लिया गया है। पकड़ा गया एक बदमाश नाबालिग है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विजयंता आर्य न बताया कि सुभाष प्लेस इलाके में रहने वाली रिंकी शाह ने 25 फरवरी को सात साल के बेटे पवन के अपहरण की शिकायत दी। महिला ने बताया कि स्कूटी सवार दो युवक बच्चे को ले गए हैं।
पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। रविवार सुबह अपहरणकर्ताओं ने महिला को फोन कर पांच लाख की फिरौती मांगी। दोपहर तीन बजे दोबारा फोन कर जगह बताने की बात कही। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने फोन नंबर की जांच की तो नंबर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन स्थित एक पीसीओ का निकला।
परिवार को सबक सिखाना चाहता था
demo pic
- फोटो : अमर उजाला
जांच के दौरान पड़ोस में रहने वाली एक बच्ची ने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने पवन को मामा से मिलवाने की बात कहकर अपने साथ ले गए हैं। पुलिस को परिचित पर घटना को अंजाम देने का शक हुआ। पुलिस ने रिंकी से उसके परिवार के बारे में पूछताछ की।
रिंकी ने बताया कि वह अपने पति से अलग रहकर ब्यूटी पार्लर चलाती है। उसका पति बिहार में रहता है। इसके अलावा उसने बताया कि उसकी बहन का कपिल नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
लेकिन, परिवार वालों के शादी से इनकार करने पर उसकी बहन ने कपिल से रिश्ता खत्म कर लिया। पुलिस ने तकनीकी जांच के बाद शकूरपुर से कपिल और उसके दोस्त हसन रजा को गिरफ्तार कर लिया। इनसे पूछताछ में पता चला कि बच्चा उनके नाबालिग सहयोगी के पास त्रिनगर में हैं। पुलिस ने उनके निशानदेही पर त्रिनगर में छापा मारकर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और नाबालिग को भी पकड़ लिया।