आरोप है कि उसने बृहस्पतिवार को 10वीं की एक छात्रा को अपने कमरे में बुलाया और कमरा बंद कर डांस करने को कहा। आरोपी छात्रा से जबरन डांस कराने लगा और मोबाइल से वीडियो बनाने लगा।
आरोप है कि मुख्याध्यापक समयपाल ने छात्रा से छेड़छाड़ भी शुरू कर दी। छात्रा ने विरोध किया तो स्कूल से निकालने की धमकी दी। कुछ देर बाद छात्रा ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर स्कूल के बच्चे एकत्र हो गए और दरवाजा बंद होने पर शोर मचाना शुरू कर दिया। हंगामा सुनकर गांव के लोग पहुंचे गए और छात्रा से मामला जानकर आरोपी की धुनाई कर उसे हसनपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इसके बाद क्षेत्र के कई गांवों के लोग व हसनपुर के सरपंच थाने पहुंच गए। लोगों ने मामले को निपटाने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया और थाने में ही आरोपी को पांच जूते पंचायत के सामने मारे गए।
इसके बाद पीड़िता व उसके परिजनों से राजीनामा लिखवाकर आरोपी को छुड़वा दिया गया। पीड़िता व उसके परिजनों का आरोप है कि उन पर दबाव बनाकर राजीनामा लिखवाया गया है।
छात्रा का आरोप है कि मुख्याध्यापक पहले भी अश्लील हरकतें कर उसे फेल करने व स्कूल से निकालने की धमकी देता रहा है। पीड़ित लड़की के परिजनों की मांग है कि आरोपी मुख्याध्यापक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए। परिजनों का कहना है कि वे इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों व मुख्यमंत्री से मिलेंगे।
डीएसपी बोले, हुआ राजीनामा
जिला शिक्षा अधिकारी रमेश चंद शर्मा का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, वे मामले की जांच कराएंगे। जिला उपायुक्त के संज्ञान में भी यह मामला नहीं आया है। उधर, डीएसपी मौजीराम का कहना है कि शिकायत मिली थी। आरोपी को थाने लाया गया था, लेकिन गांवों के लोगों की पंचायत ने आपस में मामला सुलझाकर राजीनामा करा दिया।