मैनपुरी के मोहल्ला अवध नगर में उद्योगपति पुत्र और पत्नी की हत्या का शुक्रवार को एसपी ने खुलासा किया। हत्याकांड की साजिश घर के नौकर के भतीजे ने रची थी।
तीन साथियों की मदद से घर में लाखों की लूट करने के साथ ही हत्या की गई। पुलिस ने महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एक आरोपी की तलाश की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अवध नगर स्थित तापड़िया मिल में 11 जनवरी की रात उद्योगपति के पुत्र मुरली मनोहर तापड़िया की हत्या कर दी गई थी। वहीं गंभीर हालत में बसंती देवी ने बुधवार रात को सैफई में दम तोड़ दिया था।
शुक्रवार को एसपी राजेश एस ने प्रेसवार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मृतका के नौकर सिनोद का भतीजा राहुल कश्यप निवासी मोहल्ला खरगजीत नगर हाल निवासी कुइयां फूट थाना मऊ दरवाजा फर्रुखाबाद हत्या व लूट का मास्टर माइंड है।
वह पहले मृतका के घर काम कर चुका है। राहुल ने साथी नरेश उर्फ अजय शाक्य निवासी गांव उझयानी थाना सैफई जिला इटावा और अजय उर्फ शक्ति कपूर निवासी गांव चाचीपुर थाना राजेपुर फर्रुखाबाद हाल निवासी राठी मिल के सामने हाथा के साथ मिलकर साजिश रची थी।
यूं दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार 11 जनवरी को तीनों फर्रुखाबाद से कालिंदी एक्सप्रेस से रात करीब 11 बजे पहुंचे। एक घंटा वहां रुकने के बाद तापड़िया मिल पहुंचे, मकान के बगल में खाली पडे़ प्लाट से होकर गोदाम की दीवार से छत पर पहुंचे।
सरिया से दीवार में नकब लगाकर जीना का दरवाजा खोला। कमरे में पहुंचते ही मुरली जाग गया तो तवा से सिर पर कई वार कर हत्या कर दी। मां को सरिया से पीटकर घर में रखे लाखों के जेवर लूट ले गए थे।
एसपी ने बताया कि अभियुक्त राठी मिल के पास अजय राजपूत की झोपड़ी से पकडे़ गए। राहुल की मां कांती देवी को मुल्जिम बनाया गया है। वहीं उसके पिता विनोद कश्यप की तलाश की जा रही है।