सेक्टर-9 स्थित जेजे कॉलोनी निवासी कैंसर पीड़ित फूलमती (67) का इलाज चल रहा था। इसके लिए पति चुन्नी लाल बैंक में रुपये निकालने के लिए काफी प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। बीमारी की वजह से सोमवार दोपहर फूलमती की मौत हो गई।
पीड़ित परिजन बैंक पहुंचे और अंतिम संस्कार के लिए पैसा मांगा, लेकिन बैंक ने कहा कि कैश आया ही नहीं। परिजन शव लेकर रातभर झुग्गी के बाहर बैठे रहे। मंगलवार सुबह फिर बैंक पहुंचे तो लंबी लाइन देख उनके होश उड़ गए। बैंक से गुहार लगाई लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी।
आखिरकार परिजनों को धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने बैंक के बाहर हंगामा कर दिया। शोरशराबा होने पर पुलिस आ गई। लोगों ने सपा प्रत्याशी अशोक चौहान को भी बुला लिया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि अंतिम संस्कार के लिए सेक्टर-9 स्थित बैंक ऑफ इंडिया में पैसे लेने गए लेकिन नहीं मिले।
जिसकी वजह से सोमवार को अंतिम संस्कार नहीं हो सका। चुन्नी लाल ने बताया कि उसके खाते में 16,000 रुपये थे। जिसको लेने के लिए वह दो दिनों से चक्कर काट रहे थे। मामला पुलिस में पहुंचा तो पुलिस ने परिजनों को 2,500 रुपये दिए। साथ ही बैंक से 15,000 रुपये निकलवाने में मदद की।
इसके बाद मंगलवार शाम को अंतिम संस्कार किया गया। बैंक के मैनेजर शिशु पाल ने बताया था कि सोमवार दोपहर से बैंक में पैसा नहीं था। इसकी वजह से इन लोगों को रुपये नहीं दिए गए। मुख्य शाखा से पैसा नहीं मिल रहा है, ऐसे में हम कहां से दे। वहीं सपा प्रत्याशी अशोक चौहान ने बताया कि उन्होंने नाराज लोगों को शांत कराया। वृद्धा के अंतिम संस्कार के लिए 10,000 रुपये की सहायता की।