नई दिल्ली के मौर्या एंक्लेव में दिनदहाड़े कारोबारी से 78 लाख रुपये लूटने के आरोप में पुलिस ने नौकर रोहित धवन के अलावा विक्रम उर्फ विक्की, धर्मपाल उर्फ मुन्ना, राजीव, सोनू, सतेंद्र और दीपक को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के पास से 18 लाख रुपये मिले हैं। मामले में पुलिस यूपी के चार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
पूछताछ में पता चला है कि रोहित ने कारोबारी के पास मोटी रकम होने की जानकारी अपने साले सोनू को दी थी।
उत्तर-पश्चिमी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त डॉ. ए. कोन के अनुसार, 31 दिसंबर को करीब सात-आठ बदमाशों ने हथियारों के बल पर पीतमपुरा इलाके में कारोबारी से 78 लाख रुपये लूट लिए थे। वारदात उसके घर से कुछ ही दूर हुई थी। बदमाश कार और बाइक से आए थे।
एसीपी सरस्वती विहार दीपक यादव की देखरेख में मौर्या एंक्लेव थानाध्यक्ष संजय कुमार और जहांगीरपुरी थानाध्यक्ष अनिल कुमार की टीम ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान टीम ने सातों को दबोच लिया। इनमें से कई के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में रॉबरी, अपहरण और हत्या के मामले दर्ज हैं।