शहर के डेल्टा-टू सेक्टर के पार्क लाइट की व्यवस्था नहीं होने से दिन ढलते ही मयखाने में तब्दील हो जाता है। पार्क में शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। ऐसे में महिलाएं और बच्चे घूम नहीं पाते। सेक्टर के लोगों ने पुलिस और प्राधिकरण से कई बार शिकायत की है।
डेल्टा-टू सेक्टर के पार्क में लाइट की व्यवस्था के लिए प्राधिकरण ने दो साल पहले खंभे लगाए थे, लेकिन खंभों पर अभी तक स्ट्रीट लाइटें नहीं लगाई गई। पार्क में दिन ढलने के साथ ही अंधेरा हो जाता है। इसका लाभ उठाकर कुछ लोगों ने पार्क को शराब पीने का अड्डा बना लिया है। देर रात तक शराबी पार्क में ही जमे रहते हैं।
सेक्टर के बीच में पार्क में शराब पीने की शिकायत कई बार आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने पुलिस और प्राधिकरण से भी की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। विजेंद्र का कहना है कि पार्क में शराब पीने के बाद खाली बोतलों और कचरे को वहीं पर फेंक दिया जाता है, जिससे गंदगी भी होती है। देवेंद्र का कहना है कि पार्क में झूले भी नहीं है। झूले नहीं होने से बच्चों को खेलने में दिक्कतें होती है।