फाइनेंसरों के चंगुल में फंसे व्यापारी सतीश गोयल की आत्महत्या के बाद बृहस्पतिवार सुबह वाट्सएप पर एक सुइसाइड नोट वायरल हो गया। इसमें आरोपी विनोद उर्फ मामा, अनिल जिंदल और अमित मित्तल पर आत्महत्या के विवश करने का जिक्र किया गया है।
नोट में दो बीजेपी नेताओं का नाम भी है, जिन्होंने आरोपियों की मदद की। दरअसल, 31 मई को व्यापारी सतीश गोयल ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी।
मृतक के बेटे राजेश गोयल ने आत्महत्या के लिए तीन फाइनेंसरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस लगातार आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है, लेकिन तीन नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
बृहस्पतिवार सुबह मृतक का एक सुइसाइड नोट भी सामने आ गया। इसे लेकर मृतक के परिजनों ने पुलिस आयुक्त हनीफ कुरैशी से मुलाकात की और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। मुलाकात के दौरान परिजनों ने पुलिस आयुक्त को सुइसाइड नोट की एक फोटोकॉपी भी सौंपी।
फाइनेंसर डकार गए चार करोड़ रुपये
फाइनेंसर डकार गए चार करोड़ रुपये
पुलिस आयुक्त को लिखे सुइसाइड नोट में मृतक सतीश ने आरोपी विनोद गर्ग उर्फ मामा और अनिल जिंदल पर 1.55 करोड़ रुपये डकारने का आरोप लगाया।
जबकि फाइनेंसर अमित मित्तल पर मृतक की 2.38 करोड़ रुपये की लेनदारी है। सुइसाइड नोट में लिखा है कि जब भी वह पैसे मांगने जाते थे तो जान से मारने की धमकी दी जाती थी। तंग आकर सतीश ने आत्महत्या कर ली।
अम्बा से की अपनी तुलना
एक दूसरे सुइसाइड नोट में मृतक सतीश ने अपनी तुलना महाभारत की अम्बा से की है। अम्बा भीष्म पितामह की मृत्यु का कारण बनी थी। शहरवासियों के लिए लिखे इस नोट में सतीश ने लिखा है कि फाइनेंसरों से हम नहीं लड़ सकते। पुलिस, प्रशासन, राजनीतिक लोग और मीडिया सब इनके साथ है। मेरी मृत्यु इन आरोपियों को जेल का रास्ता दिखाएगी।
अभी हमें सुइसाइड नोट नहीं मिल पाया है। वाट्सएप पर सुइसाइड नोट वायरल होने की खबर है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। -राजेंद्र, जांच अधिकारी