सेक्टर-18 में गाड़ी पार्क करने को लेकर बसपा नेता और पार्किंग ठेकेदार के बीच मारपीट हो गई। बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि बसपा नेता ने ठेकेदार पर बेसबॉल के बल्ले से वार कर दिया। मौके पर सेक्टर-20 पुलिस पहुंची और ठेकेदार व बसपा नेता को थाने ले कर आई। ठेकेदार ने बसपा नेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब ढाई बजे सहारनपुर निवासी बसपा नेता माजिद अली और खुर्शीद आलम अपनी गाड़ी से सेक्टर-18 मार्केट पहुंचे। वहां गाड़ी पार्क करने को लेकर पार्किंग ठेकेदार राजू से उनका विवाद हो गया। राजू ने उनकी गाड़ी के एक पहिये की हवा निकाल दी, जिस पर माजिद अली बिफर गए।
बात बढ़ती गई और माजिद अली ने गाड़ी में रखे बेसबॉल के बल्ले से राजू पर वार कर दिया। राजू ने भी बसपा नेता पर वार किया। घटना की जानकारी सेक्टर-18 पुलिस चौकी पर तैनात दो सिपाहियों को लगी। उन्होंने विवाद सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन बात बढ़ती गई। पुलिस दोनों पक्षों का मेडिकल कराने के बाद सेक्टर-20 थाने ले आई। एसपी सिटी दिनेश यादव का कहना है कि पार्किंग ठेकेदार राजू की तरफ से बसपा नेता माजिद अली और खुर्शीद आलम के खिलाफ तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।