हर्षिल के लामा टिकरी घूमने गया एक पर्यटक रास्ता भटक गया, जब शाम तक वह अपने ठिकाने पर नहीं पहुंचा तो उसने स्वयं ही अपनी लोकेशन होटल मालिक को भेजी। इसके आधार पर स्थानीय लोगों व पुलिस ने उसका प्राथमिक उपचार कर उसे होटल पहुंचाया।
दिल्ली निवासी संजय शेफर्ड सोमवार शाम को हर्षिल घाटी के लामा टिकरी घूमने गया था। शाम को लौटते समय वह ककोड़ गाड़ पहुंच गया। काफी प्रयास के बाद भी जब उसे रास्ता नहीं मिला, तो उसने अपने होटल मालिक को मोबाइल से लोकेशन भेजी। होटल मालिक ने स्थानीय लोगों व पुलिस को घटना की सूचना दी।
बाद में स्थानीय माधवेंद्र रावत, संदीप रावत पुलिस के साथ लोकेशन के आधार पर संजय की ढूंढखोज के लिए निकले। संजय उन्हें ककोड़ा गाड के पास मिला। संजय को हाथ में हल्की चोट आने पर उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। पर्यटक संजय ने बताया कि वह ट्रेवल ब्लॉगर का काम करता है। उपला टकनौर जनमंच के अध्यक्ष माधवेंद्र ने शासन-प्रशासन से ट्रेकिंग पर आने वाले पर्यटकों के लिए गाइड को अनिवार्य करने की मांग की है।