कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन सतर्क हो गया है। निदेशक डीके सिंह ने कोरोना से बचाव को लेकर अधिकारियों, कर्मचारियों को एडवाइजरी जारी की है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि सभी प्रवेश द्वारों पर पर्यटकों की थर्मल स्कैनिंग करने के बाद ही टाइगर रिजर्व में प्रवेश करने दिया जाए। शारीरिक तापमान मानक से अधिक होेने पर पर्यटक को प्रवेश की अनुमति ना दी जाए। पर्यटकों को सफारी कराने वाली गाड़ियों को भी प्रतिदिन सैनिटाइज कराया जाए।
बिना मास्क किसी को प्रवेश न करने दिया जाए। कर्मचारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे मास्क लगाने के साथ दस्ताने पहनें और हाथों को सैनिटाइज करते रहें। अधिकारियों, कर्मचारियों को पर्यटकों से निश्चित दूरी बनाए रखने भी हिदायत दी गई है।
उधर, कोरोना के मामले दोबारा बढ़ने के साथ ही टाइगर रिजर्व में सफारी करने वाले पर्यटकों की संख्या में भी कमी आई है। अब रोजाना औसतन 10 फीसदी पर्यटक कम पहुंच रहे हैं।