राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने विख्यात पर्यावरणविद, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं चिपको आंदोलन के महानायक सुंदरलाल बहुगुणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने कहा कि हिमालय के रक्षक सुंदरलाल बहुगुणा के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत दुःख हुआ। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सुंदरलाल बहुगुणा का योगदान अविस्मरणीय है। उनका निधन संपूर्ण देश तथा विश्व के लिए अपूरणीय क्षति है। चिपको जैसे विश्वविख्यात आंदोलन का नेतृत्व करने वाले वृक्षमित्र सुंदरलाल बहुगुणा जल, जंगल, मिट्टी और बयार को जीवन का आधार मानते थे। पर्यावरण संरक्षण को समर्पित उनका जीवन और सिद्धान्त विश्वभर में पर्यावरण हितैषियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
उत्तराखंड : एक बार फिर टीकाकरण को मिलेगी गति, कोविशील्ड की एक लाख डोज आज पहुंचेंगी दून
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने गहरा शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने विश्व प्रसिद्ध पर्यावरणविद् और पद्मविभूषण श्री सुंदरलाल बहुगुणा जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चिपको आंदोलन को जन जन का आंदोलन बनाने वाले श्री सुंदरलाल बहुगुणा जी का निधन न केवल उत्तराखण्ड और भारतवर्ष बल्कि समस्त विश्व के लिये अपूरणीय क्षति है। सामाजिक सराकारों व पर्यावरण के क्षेत्र में आई इस रिक्तता को कभी नहीं भरा जा सकेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, और शोकाकुल परिजनों को धैर्य व दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
13 साल की उम्र में अमर शहीद श्रीदेव सुमन के संपर्क में आए
पर्यावरणविद पदमविभूषण और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सुंदरलाल बहुगुणा का जन्म नौ जनवरी 1927 को टिहरी जिले में भागीरथी नदी किनारे बसे मरोड़ा गांव में हुआ। उनके पिता अंबादत्त बहुगुणा टिहरी रियासत में वन अधिकारी थे। 13 साल की उम्र में अमर शहीद श्रीदेव सुमन के संपर्क में आने के बाद उनके जीवन की दिशा ही बदल गई। सुमन से प्रेरित होकर वह बाल्यावस्था में ही आजादी के आंदोलन में कूद गए थे। उन्होंने टिहरी रियासत के खिलाफ भी आंदोलन चलाया।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शोक व्यक्त किया
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रख्यात पर्यावरणविद् और पद्मविभूषण से सम्मानित सुंदरलाल बहुगुणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि चिपको आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाकर सुंदरलाल बहुगुणा ने न केवल उत्तराखंड अपितु देश और दुनिया में पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक किया। उनका निधन देश और दुनिया के लिए अपूरणीय क्षति है। भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को धैर्य प्रदान करने की कामना करता हूं।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया अपूरणीय क्षति
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने बहुगुणा के निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। विधानसभा अध्यक्ष ने सुंदरलाल बहुगुणा के निधन की खबर सुनते ही एम्स ऋषिकेश पहुंचकर उनके परिजनों को सांत्वना दी। विधानसभा अध्यक्ष ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
प्रसिद्ध पर्यावरणविद और चिपको आंदोलन के प्रणेता सुंदरलाल बहुगुणा के निधन पूर्व सांसद व उत्तराखंड युद्ध स्मारक के अध्यक्ष तरुण विजय ने दुख जताया है। पर्यावरणविद सुंदरलाल बहुगुणा पहाड़ की वेदना और पीड़ा के विश्वभर में स्वर बन गए थे। वे स्वतंत्र विचार के थे, किसी सत्ता के सामने झुके नहीं, किसी से कुछ मांगा नहीं, जो मन में ठीक लगा वही किया। वहीं वरिष्ठ पत्रकार सतीश शर्मा ने पर्यावरणविद सुंदरलाल बहुगुणा के निधन पर शोक जताया है।
पर्यावरणविद् सुंदरलाल बहुगुणा का निधन अपूर्णीय क्षति : महाराज
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने पर्यावरणविद् पद्मविभूषण सुंदरलाल बहुगुणा के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश और देश के लिए एक अपूर्णीय क्षति बताया है। चिपको आंदोलन के प्रणेता रहे सुंदरलाल बहुगुणा वर्ष 1971 में शराब की दुकानों को खोलने से रोकने के लिए सोलह दिन तक अनशन पर रहे। वह चिपको आंदोलन के कारण वे विश्वभर में वृक्षमित्र के नाम से प्रसिद्ध थे।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, सर्वोदय आंदोलन के स्तंभ, पद्म विभूषण, पर्यावरण और वृक्ष रक्षा के मंत्र के महान उद्घोषक, गांधीवादी, सत्याग्रह के प्रतीक पुरूष सुंदरलाल बहुगुणा का निधन, देश, उत्तराखंड और मानवता की अपूरणीय क्षति है। क्रूर कोरोना ने उन्हें हमसे छीन लिया। गंगा व नदियों पर, बड़े बांधों पर उनका संघर्ष अद्वितीय रहा। चिपको आंदोलन को बहुगुणा ने एक नई ऊंचाई दी और एक वैज्ञानिक बुद्धि प्रदान की। सादगी, विनम्रता उनके आभूषण थे। मैं, उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके जैविक और कर्तव्य पथ के परिवार के लोगों तक अपनी संवेदनाएं संप्रेषित करता हूं। भगवान, उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
- हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड व एआईसीसी के महासचिव
पर्यावरण की रक्षा के लिए अपना समस्त जीवन समर्पित करने वाले महान व्यक्तित्व विश्व प्रसिद्ध पर्यावरणविद् सुंदरलाल बहुगुणा का निधन समस्त समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करता हूं।
-अनिल बलूनी, सांसद राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, भाजपा
विश्व प्रसिद्ध पर्यावरणविद् और पद्मविभूषण सुंदरलाल बहुगुणा का निधन उत्तराखंड के लिए ही नहीं पूरे देश और विश्व के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे, और शोकाकुल परिजनों को धैर्य व दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
-मदन कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा
सुंदरलाल बहुगुणा अध्येता, पत्रकार, सर्वोदयी, स्वतंत्रता सेनानी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, प्रकृति प्रेमी, हिमालय और गंगा के बेटे, चिपको को विश्व पटल पर स्थापित करने वाले, पर्यावरणविद और उससे बढ़कर धरती के लाल थे। राष्ट्रों की सीमाएं उनके सामने बौनी पड़ जाती थीं। वे प्रकृतिवादी ही नहीं मानवतावादी थे। विश्व ने 21वीं सदी का अंतिम विनोबा भावे खो दिया।
-किशोर उपाध्याय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस