जब ऊर्जा मंत्री हरक सिंह रावत से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की फ्री बिजली को लेकर की जा रही घोषणाओं पर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि वह केवल बातें कर रहे हैं। उन्हें नहीं पता कि हम प्रदेश के 13 लाख घरेलू उपभोक्ताओं के लिए क्या करने जा रहे हैं।
आप 17 जुलाई से बिजली गारंटी अभियान चलाएगी
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के हर परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने के एलान के बाद आम आदमी पार्टी 17 जुलाई से पूरे प्रदेश में बिजली गारंटी अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के माध्यम से आप कार्यकर्ता 20 लाख से ज्यादा घरों तक पहुंचेंगे।
आप प्रवक्ता रविंद्र आनंद और नवीन पिरशाली ने कहा कि केजरीवाल ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश के लोगों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी दी है। जिससे उत्तराखंड बनने के बाद 20 सालों में पहली बार भाजपा व कांग्रेस को भी फ्री बिजली देने की याद आ रही है।
कहा कि हकीकत यह है कि दोनों दलों की फ्री बिजली देने की कोई मंशा नहीं है, ये सिर्फ चुनावी जुमला है। जबकि आप पार्टी ने पूरे होमवर्क के बाद ही मुफ्त बिजली का एलान किया है। बिजली गारंटी अभियान डिजिटल होगा। जिसमें केजरीवाल की ऊर्जा क्षेत्र में चार गारंटी लोगों के सामने रखी जाएंगी।
पार्टी की ओर से यूनिक बिजली गारंटी कार्ड लोगों को दिए जाएंगे। जो पूरी तरह डिजिटल होगा और ओटीपी के जरिये ये एक्टिवेट होगा। इस कार्ड को संभाल कर रखना होगा। जिससे आगे स्कीम का फायदा उत्तराखंड की जनता को मिल सकेगा। ये रजिस्ट्रेशन अभियान और कार्ड वेबसाइट के जरिये भी जनता को मिलेगा।