कांग्रेस की सत्ता परिर्वतन रैली के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक सभागार में जनसभा का आयोजन किया गया। निर्धारित समय से तीन घंटे तक इंतजार करने के बाद पहुंचे विधायक करन माहरा, विधायक काजी निजामुददीन, राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा को विधायक आदेश चौहान ने अपने ट्रैक्टर पर बैठाकर रैली का शुभारंभ किया। रैली पृथ्वीराज चौहान चौक, ठाकुर मंदिर चौक, गांधी आश्रम चौक, लकड़ी मंडी चौराहा होते हुए जीजीआईसी मोड़ पर पहुंची। जहां जनसभा का आयोजन किया गया। राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों की उपज का अच्छा दाम दिलाने के लिए मंडिया बनाई थी। भाजपा उन्हें खत्म कर रही है। किसान लुट रहा है और भाजपा दावा करती है कि किसानों की आय दुगनी करेंगे। इस सरकार ने शिक्षा, चिकित्सा व्यवस्था को भी चौपट कर दिया है। विधायक करण माहरा ने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार को विदा करने का मन बना लिया है।
रैली को अपार जनसमर्थन मिल रहा है। 2022 में कांग्रेस भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। तभी प्रदेश का विकास होगा। विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि भाजपा समाज को बांटने में लगी है। प्रदेश के विकास से उसका कोई मतलब नहीं है। महंगाई चरम पर है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस, रसोई की वस्तु की कीमतें आसमान छू रही हैं। आम आदमी बदहाल हो गया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। विधायक आदेश चौहान ने रैली में आए सभी क्षेत्रवासियों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर नईम प्रधान, राजकुमार सिंह, डा. एमपी सिंह, गजेंद्र सिंह, सुखवीर सिंह, करिश्मा गहलोत, रूबी खातून आदि उपस्थित रहे। वहीं, ग्राम कुंडा में पूर्व ब्लाक प्रमुख रवि डोगरा के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने परिवर्तन रैली का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व ब्लाक प्रमुख रवि डोगरा, महेंद्र सिंह, मनीष शर्मा, मोहम्मद आरिफ, जाकिर हुसैन, सुभाष शर्मा आदि उपस्थित रहे।
हमारे घर में भी तीन देवता नाच रहे हैं: हरीश
कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा रविवार को हल्द्वानी से कालाढूंगी होते हुए पहले रामनगर पहुंची। यहां जनसभा करने के बाद यात्रा देर शाम जसपुर होते हुए काशीपुर पहुंची। सभी जगहों पर परिवर्तन यात्रा का स्वागत हुआ। सोमवार को रुद्रपुर में यात्रा का समापन होगा। कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरीश रावत रामनगर में कांग्रेसियों की गुटबाजी पर नाराज दिखाई दिए। उन्होंने मंच से ही एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि हर जगह परिवर्तन यात्रा में आशीर्वाद मिल रहा है। ऐसे में यदि हम एकजुट होकर लड़ेंगे तो विधानसभा चुनाव जीतेंगे और सत्ताधारी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।
पैठपड़ाव स्थित प्रगतिशील सांस्कृतिक परिषद में आयोजित जन सभा में हरीश रावत ने कहा कि चुनाव के समय देवता नाचते ही हैं। हमारे घर में भी तीन देवता नाच रहे हैं। एक रंजीत देवता, दूसरे संजय और तीसरे पुष्कर देवता नाच रहे हैं। इन तीनों देवताओं की पूजा के फेर में रविवार को उन्होंने (हरीश रावत ने) खाना तक नहीं खाया। अमरूद खाकर काम चलाना पड़ा। हम बड़ी मुश्किल से यहां तक पहुंचे। मैं नहीं चाहता कि आप फिर यहां पर नोकझोंक करें। हरीश रावत ने कहा कि हमारा प्रतिद्वंद्वी दिल्ली में भी शक्तिशाली है और उत्तराखंड में भी सत्तासीन है। ऐसे में देवताओं के लिए जय जय कार करने वालों से कहना चाहता हूं कि आप अपनी यह ऊर्जा 2022 फरवरी मार्च के लिए बचा कर रखें।
सवाल इस बात का नहीं है कि टिकट किसको मिलेगा। टिकट तो देवेंद्र, गोदियाल और प्रीतम जी तय कर करेंगे, मगर जीतना और जिताना दोनों ही महत्वपूर्ण हैं। जिसको भी टिकट मिलेगा, उसको जिताने का काम करेंगे। हरीश के अनुसार हम सभी एक पार्टी के सिपाही हैं, हमें ताकत अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को हराने में लगानी चाहिए। यदि हम आपस में लड़ने में ताकत लड़ाएंगे तो कैसे जीतेंगे। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. जीत राम टम्टा, भुवन कापड़ी, रंजीत रावत, गोविंद कुंजवाल, प्रकाश जोशी, आवेंद्र जोशी, राजेश धर्मकाठी, सरिता आर्य, पुष्कर दुर्गापाल, डा. निशांत पपनै, तारा नेगी, चेयरमैन मो. अकरम, किशोरी लाल, संजय नेगी, प्रकाश पपनै, आनंद रावत, सतीश नैनवाल, ललित मोहन बिष्ट, मोहन फर्त्याल, दिनेश हर्बोला, ओमप्रकाश, नारायण पाल, हरीश चंद्र दुर्गापाल, महेंद्र सिंह पाल, हरीश धामी, पीयूष आगरी आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने बताया कि कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा जहां से भी गुजर रही है, वहां पर जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। ऐसा लग रहा है कि जैसे जनता ने मन बना लिया है कि अब वह भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी।
मंच पर नारेबाजी से नाराज हुए हरीश रावत
मंच पर हरीश रावत जब कांग्रेसी नेता संजय नेगी के साथ पहुंचे तो वहां उनका स्वागत हुआ। मंच पर बैठने के बाद भी कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी कर रहे थे और मंच पर चढ़े जा रहे थे। हरीश रावत ने सभी कार्यकर्ताओं को सीट पर बैठने के लिए कहा, लेकिन कोई मानने के लिए तैयार नहीं था। ऐसे में हरीश रावत नाराज हुए और मंच से उठकर सभी को मंच से दूर हटने के लिए कहा।
कोसी बैराज पर हुई धक्कामुक्की
परिवर्तन यात्रा जब कोसी बैराज के नए पुल पर पहुंची तो वहां संजय नेगी समर्थकों ने हरीश रावत जिंदाबाद के नारे लगाए। वहीं संजय नेगी के समर्थकों ने हरीश रावत से गाड़ी से उतरने का आग्रह किया। इस पर हरीश रावत गाड़ी से उतरे और संजय नेगी समर्थकों संग पैदल चलने लगे। इसी बीच पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत के समर्थकों ने भी रणजीत रावत जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसी बीच दोनों के समर्थकों की बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। बताया जा रहा है कि इस दौरान रणजीत रावत के साथ धक्कामुक्की तक हो गई। बाद में हरीश रावत संजय नेगी के साथ जिप्सी में सवार होकर आगे निकल गए।
रामनगर में गुटबाजी नजर आई
रामनगर में कांग्रेस तीन गुटों में बंटी हुई नजर आई। एक ओर जहां पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत गुट के कार्यकर्ताओं ने परिवर्तन यात्रा का दाबका पुल पर स्वागत किया। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजय नेगी गुट के कार्यकर्ताओं ने कोसी नदी के नए पुल पर स्वागत किया, तो पूर्व दर्जा मंत्री पुष्कर दुर्गापाल गुट ने लखनपुर चौक पर स्वागत किया। तीनों गुटों के कार्यकताओं ने अपने-अपने नेताओं का स्वागत किया। रामनगर में पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत द्वारा लगाए होर्डिंग्स व बैनरों को फाड़ा भी गया, जिसकी शिकायत कांग्रेसियों ने पुलिस से की।