वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से टोक्यो ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाली भारतीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया से बात कर शानदार प्रदर्शन के लिए वंदना एवं महिला हॉकी टीम में प्रतिभाग करने वाली सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को मनोबल बनाए रखने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा की वंदना कटारिया के शानदार प्रदर्शन से राज्य का मान-सम्मान बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने वंदना को टोक्यो से वापस आते ही मुख्यमंत्री आवास में मिलने के लिए आमंत्रित भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य में नई खेल नीति बनाई जा रही है। जिसमें विभिन्न खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा दी जाएगी।
बता दें कि मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला हाॅकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया को 25 लाख रुपए दिये जाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वंदना कटारिया को तीलू रौतेली पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने वंदना कटारिया के भाई सौरभ कटारिया से भी फोन से बात कर वंदना के शानदार प्रदर्शन पर उन्हें बधाई दी।
भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने उनके उत्साह वर्धन पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस दौरान सचिव हरि चंद्र सेमवाल भी उपस्थित रहे।
ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाने वाली वंदना कटारिया को ग्राफिक एरा डीम्ड विवि 11 लाख रुपये का पुरस्कार देगा। शुक्रवार को ग्राफिक एरा एजुकेशनल ग्रुप की वरिष्ठ पदाधिकारी राखी घनशाला ने रोशनाबाद स्थित उनके घर पहुंचकर परिजनों को पुरस्कार को घोषणापत्र सौंपा। उन्होंने वंदना से फोन पर बातचीत की और ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी।
उनके घर पहुंचकर राखी घनशाला ने मां स्वर्ण देवी और भाई चंद्रशेखर कटारिया से मुलाकात की और उन्हें घोषणापत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि वंदना की उपलब्धि पर पूरे देश और राज्य को गर्व है। वंदना ने हैट्रिक समेत चार गोल दागे हैं, जिसके दम पर टीम पदक जीतने में कामयाब रही है। वंदना और हॉकी टीम ने देश की लाखों महिलाओं और बेटियों को आगे बढ़ने की राह दिखाई है।
उन्होंने कहा कि वंदना को अगले मुकाबलों के लिए ट्रेनिंग की जरूरत होगी, उसमें भी ग्राफिक एरा पूरा सहयोग देगा। भारत लौटने के साथ ही अगले ओलंपिक की तैयारी की जाए, ताकि हमारी टीम स्वर्ण जीतने का गौरव हासिल कर सकें। वंदना के भाई चंद्रशेखर कटारिया और मां स्वर्ण देवी ने ग्रुप की पहल का स्वागत किया और सम्मान के लिए आभार जताया।
ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि ओलंपिक में हैट्रिक लगाने वाली पहली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना ने सुविधाओं और संसाधनों के बावजूद पूरी दुनिया में भारत को सम्मान दिलाया है। उन्होंने साबित किया है कि सच्ची लगन और मेहनत के दम पर हर मंजिल को हासिल किया जा सकता है। भारत पहुंचने पर विवि की ओर वंदना का अभिनंदन किया जाएगा। इस दौरान विवि के निदेशक डॉ. सुभाष गुप्ता, हेड मैनेजर (मार्केटिंग) साहिब सबलोक भी मौजूद रहे।