जमीन बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से 17 लाख रुपये की ठगी की गई है। जमीन का सौदा करने वालों ने एग्रीमेंट तो किया, लेकिन तय समय पर रजिस्ट्री नहीं की। इसके बाद अब पटेलनगर थाने में एक दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी टाइल कारोबारी है।
मामला पटेलनगर थाने के पास एक प्लॉट को लेकर है। इसमें कैलाश चंद डोभाल निवासी टीएचडीसी कॉलोनी देहराखास ने पुलिस को शिकायत की है। बताया कि वह सितंबर 2020 में अपनी पत्नी संध्या के साथ मंदिर के लिए टाइल खरीदने वीरा मार्बल पर गए थे। वहां उनकी मुलाकात दुकान मालिक उमेश कुमार गर्ग और उनकी पत्नी निधि से हुई। खरीदारी के दौरान बातचीत में उमेश की पत्नी निधि ने कैलाश चंद डोभाल की पत्नी को बताया कि उनका पटेलनगर थाने के पास एक प्लॉट है। हाल में आर्थिक तंगी के चलते वह बेचना चाहते हैं। इसके बाद प्लॉट दिखाया तो डोभाल दंपती को पसंद आ गया। दोनों पक्षों के बीच 51 लाख रुपए में सौदा हो गया।
डोभाल दंपती ने इसके बाद 17 लाख रुपये एडवांस देकर एग्रीमेंट तैयार करा लिया। आरोप है कि इसके बाद तय तिथि पर आरोपी दंपती ने उन्हें रजिस्ट्री नहीं की। डोभाल दंपती ने उनसे पैसे वापस मांगे, लेकिन वह मना करने लगे। आरोप है कि गर्ग दंपती ने उन्हें धमकियां भी दीं। इंस्पेक्टर प्रदीप राणा ने बताया कि गर्ग दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।