हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र है। उनकी पार्टी वैचारिक स्वतंत्रता रही है। हम भाजपा की तरह नहीं। अब दो घरों में तय होता है और सारी भाजपा मुहर लगाने का काम करती है।
उत्तराखंड में जनता हर पांच साल में परिवर्तन लाती है
हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड में परिवर्तन शब्द अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण है। उत्तराखंड के परिप्रेक्ष्य में इसका विशेष अर्थ है, क्योंकि यहां जनता हर पांच साल में परिवर्तन लाती है। दूसरे विकल्प को अवसर देती है।
आठ लाख स्वरोजगार! होली के दिन भी कोई इतना बड़ा मजाक नहीं करता
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के दावे पर तंज किया। कौशिक ने कहा था कि भाजपा सरकार में आठ लाख लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा गया। इस दावे पर हरीश रावत ने कहा कि इतना बड़ा मजाक तो कोई होली के दिन भी नहीं करता। उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल में 80 हजार लोगों को भी स्वरोजगार दिया हो तो वह मुख्यमंत्री को पद्मश्री देने की सिफारिश कर देंगे।
देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी दर उत्तराखंड में
हरीश रावत ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी दर उत्तराखंड में है। बेरोजगारी के मुद्दे पर हमने कहा है कि कांग्रेस सरकार बनने पर एक साल में 22 हजार खाली पदों को भरेंगे। हर साल 10 प्रतिशत नए पद सृजित करेंगे। तीन साल में जिन युवाओं को रोजगार नहीं मिलेगा, उन्हें बेरोजगारी भत्ता देंगे।
आम आदमी पार्टी के उत्तराखंड में एक लाख नौकरियां देने के दावे पर हरीश रावत ने तंज किया कि न नौ मन तेल होगा न राधा नाचेगी। उन्होंने कहा कि साढ़े सात साल में दिल्ली वाले साढ़े छह हजार लोगों को नौकरी दे सके। वह यहां एक लाख लोगों को नौकरियां कैसे देंगे?
उनको संदेह था, टिकट नहीं मिलेगा
पुरोला के विधायक राजकुमार के कांग्रेस छोड़ने के सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि कुछ स्थानीय कारण होते हैं। वह जहां से आए थे, वहां चले गए। हम इससे चिंतित नहीं है। बल्कि उनको टिकट मिलेगा, उनको संदेह था। हमारे पास सशक्त विकल्प हैं।
हम सभी गणेश गोदियाल के साथ चलेंगे
विधानसभा चुनाव में चेहरे पर जाएंगे या सामूहिक नेतृत्व के साथ उतरेंगे, इस प्रश्न के उत्तर में हरीश रावत ने कहा कि बिना टीम बनाए कोई लक्ष्य नहीं है। वन मैन टीम नहीं होती है। दोनों का समिश्रण कर चलेंगे। हमने सबके चेहरे अध्यक्ष में समाहित कर दिए। सभी गणेश गोदियाल के साथ चलेंगे।
2002 में मैं सर्वमान्य चेहरा था, तिवारी सीएम बने
मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री चयन की एक प्रक्रिया होती है। 2002 में मैं सर्वमान्य चेहरा था, लेकिन तिवारी मुख्यमंत्री बनें।