सोमवार से आरटीओ कार्यालय में रोजाना 120 लोगों के लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनेंगे। आरटीओ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में 30 स्लॉट बढ़ाने का फैसला हुआ। इस फैसले के बाद लोगों को डीएल बनाने में कुछ राहत मिलेगी।
पिछले काफी समय से आरटीओ कार्यालय में लर्निंग और स्थाई डीएल बनाने की प्रक्रिया लटकी हुई है। कोरोना के दौरान काफी समय के लिए डीएल बनाने का काम पूरी तरह बंद ही हो गया। दोबारा स्थिति में सुधार आने के बाद धीरे-धीरे लर्निंग के स्लॉट बढ़ाए गए। उसके बावजूद बैकलॉग काफी अधिक है, जिसे खत्म करने के लिए स्लॉट बढ़ाना जरूरी है। वहीं स्थाई डीएल रोजाना 150 बन रहे है। आरटीओ डीसी पठोई ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग डीएल बनाने आ रहे हैं। हालांकि शुरूआत में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रोजाना 25-30 ही स्लॉट दिए जा रहे थे। यह बढ़कर 90 तक पहुंच गए थे। अब सोमवार से इसमें 30 की बढ़ोत्तरी की गई है।