जेईई एडवांस रिजल्ट में बेहतर प्रदर्शन न कर पाने वाले छात्र-छात्राएं निराश न हों। अगर वह आईआईटी में एडमिशन न ले पाएं तो उनके पास एनआईटी, ट्रिपल आईटी सहित देश के तमाम तकनीकी संस्थानों में दाखिले का विकल्प मौजूद रहे।
जेईई एडवांस में कम स्कोर वाले छात्रों के लिए अभी जेईई मेन कॉमन रैंक लिस्ट का विकल्प है। इसके आधार पर उनकी काउंसिलिंग भी छह अक्तूबर से शुरू होने जा रही है। परीक्षा विशेषज्ञ एवं बलूनी क्लासेज के एमडी विपिन बलूनी के मुताबिक एनआईटी, ट्रिपलआईटी हैदराबाद, एनएसआईटी दिल्ली, आईआईएससी बंगलुरू, एआईटी पुणे, एमएनएमआईआईटी जयपुर जैसे तमाम ऐसे इंजीनियरिंग संस्थान हैं, जहां जेईई मेन के स्कोर के आधार पर दाखिला ले सकते हैं। इनमें से कई संस्थानों में जेईई-मेन की काफी पीछे की रैंक के आधार पर भी प्रवेश संभव होता है।
उत्तराखंड में अभी मौका
उत्तराखंड के इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले के लिए वैसे तो यूटीयू की काउंसिलिंग के पहले चरण के रजिस्ट्रेशन पूरे होने के बाद च्वाइस फीलिंग चल रही है, लेकिन इसके बाद भी मौका है। इसके बाद सभी संस्थानों के स्तर पर मेरिट बनाकर एडमिशन किए जाएंगे। लिहाजा, अगर आप उत्तराखंड में ही एडमिशन लेना चाहते हैं तो उसके लिए भी तैयारी कर सकते हैं।