पेरडग्राउंड पर संचालित स्मार्ट सिटी के कार्यों का निरीक्षण करते जिलाधिकारी डॉ आर राजेश कुमार। स
- फोटो : DEHRADUN
शहर में चल रहे स्मार्ट सिटी के कार्यों का मूल्यांकन अब पब्लिक फीडबैक के आधार पर होगा। प्रत्येक काम वाली जगह पर एक रजिस्टर रखने के निर्देश दिए गए हैं। रजिस्टर में लोग अपनी शिकायतें, सुझाव व फीडबैंक लिख सकेंगे। बुधवार को निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी व स्मार्ट सिटी के सीईओ डॉ. आर राजेश कुमार ने यह निर्देश दिए।
डीएम ने राजपुर रोड पर जिलाधिकारी शिविर कार्यालय से दिलाराम चौक, बहल चौक से सचिवालय तिराहा और परेड मैदान में चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों को लेकर लगातार आ रही शिकायतों पर नाराजगी जताई। साथ ही कार्यदायी संस्था को पब्लिक फीडबैक के लिए व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने प्रत्येक साइट पर स्मार्ट सिटी अधिकारियों के नंबर और एक-दो शिकायती नंबर चस्पा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजपुर रोड पर ड्रेनेज के लिए बनाई जा रही नाली ऊंची बनाई गई है। इसके कारण बरसात का पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने जगह-जगह खोदी सड़क की मरम्मत करने के निर्देश दिए। इस दौरान स्मार्ट सिटी परियोजना के सीजीएम श्रीराम मिश्रा, पीडब्ल्यूडी के ईई जेएस चौहान आदि मौजूद रहे।
15 अगस्त तक पूरा करें परेड मैदान का काम
परेड मैदान का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने 15 अगस्त तक काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम परेड मैदान में किए जा सकें, इसके लिए काम तेजी से पूरा करने की जरूरत है। जिलाधिकारी ने शहर की अन्य 11 साइटों पर चल रहे काम को तेजी से निपटाने के निर्देश दिए।
डीएम ने छह शिकायतों का किया निपटारा
जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने बुधवार को जनता मिलन के तहत छह शिकायतों का निपटारा किया। इसमें ज्यादातर शिकायतें शस्त्र लाइसेंस, भूमि संबंधी, जलभराव से संबंधित प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निपटारा करने के निर्देश दिए।