बकरीद के मौके पर पछवादून में जगह-जगह विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के बाद देश में शांति व सद्भावना को बनाए रखने के लिए दुआ की गई।
बकरीद के मौके पर विकासनगर समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्र जीवनगढ़, केदारावाला, डाकपत्थर, नवाबगढ़, भीमावाला, ढ़करानी, ढ़ालीपुर, कुंजा, कुल्हाल, धर्मावाला, तिमली, सहसपुर, खुशहालपुर, ढ़ाकी, सभावाला, रामपुर, सेलाकुई आदि में नमाज अदा की गई। बरसात का मौसम होने के कारण ईदगाहों के साथ काफी संख्या में मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। विकासनगर जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती मोहम्मद जुबैर ने अकीदतमंदों को भाईचारा कायम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस्लाम धर्म आपसी सद्भाव व अमन का संदेश देने वाला मजहब है। इसलिए हर एक इस्लाम को मानने वाले शख्स को धर्म के इस नियम को पूरी जिम्मेदारी के साथ मानना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बकरीद के अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की मदद करना प्रत्येक व्यक्ति का फर्ज है। नमाज के लिए मस्जिद व इंतजामिया कमेटियों ने व्यापक स्तर पर इंतजाम किए थे। इसके अलावा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस व प्रशासन की टीम भी पूरी तरह मुस्तैद रही। जामा मस्जिद प्रबंध समिति के अध्यक्ष मुनीर अहमद, जमशेद अली, शमशाद अली, सुलेमान, सईद अहमद अंसारी, सदाकत अली जैदी, इरफान अली ने इस अवसर पर नगर प्रशासन, पुलिस, तहसील प्रशासन, जल संस्थान, ऊर्जा निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।