दिल्ली से करीब बीस दिन पहले उत्तराखंड के चकराता घूमने आए युवक-युवती को लूट के लिए टैक्सी चालक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर मार डाला और शव क्वांसी के समीप खाई में फेंक दिए।
रविवार को दिल्ली पुलिस ने आकर टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में सख्ती होने पर वह टूट गया और उसने हत्या की बात स्वीकार ली। देर शाम पुरोला पुलिस द्वारा दिखाए शव की फोटो से दिल्ली पुलिस ने उसकी अभिजीत के रूप में शिनाख्त की।
पूछताछ में एक आरोपी द्वारा युवती से दुष्कर्म की बात भी सामने आई है। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है। चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
लाखामंडल बार्डर से बरामद युवक के शव की शिनाख्त नहीं होने पर पुरोला पुलिस ने 30 अक्तूबर को उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। खबर लिखे जाने तक स्थानीय और दिल्ली पुलिस आरोपी की निशानदेही पर युवती का शव खोजने में जुटी थी।
मूलरूप से पश्चिम बंगाल निवासी युवती और अभिजीत पोल (24) पुत्र अतुल पोल हाल में कल्याण निवास, लाडो सराय (दिल्ली) में रहते थे और चकराता घूमने आए थे। दोनों की आखिरी बार 23 अक्तूबर को घर बात हुई। उसके बाद से उनका पता नहीं चल सका। उन्होंने फोन पर अंतिम बार राजू नाम के ड्राइवर के संपर्क में होने की बात परिजनों को बताई थी।