हरिद्वार में किशोर-किशोरियों का टीकाकरण करने के लिए अलग सेंटर बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग एक साइट पर एक तरह के लाभार्थी को एक तरह की डोज देने के लिए टीकाकरण अभियान शुरू करने जा रहा है ताकि लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा कर संक्रमण की तीसरी लहर को मात दी जा सके।
कोरोना संक्रमण के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से तीन जनवरी से 15 से 18 वर्ष तक उम्र वालों को टीकाकरण करने की घोषणा की गई है। पीएम की घोषणा पर प्रदेश सरकार की ओर से जिले को एक लाख 65 हजार किशोर-किशोरियों के टीकाकरण करने का लक्ष्य दिया गया है। इसमें वर्ष 2007 या उससे पहले जन्मे किशोर-किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा।
स्कूल-कॉलेजों से भी 15 से 18 वर्ष तक के छात्र-छात्राओं की सूची मांगी गई है जिससे सीधे स्कूलों में भी टीकाकरण के कैंप लगाकर उन्हें वैक्सीनेट किया जा सके। लक्ष्य को पूरा करने के लिए किशोर-किशोरियों का टीकाकरण करने के लिए अलग से साइट बनाने का निर्णय भी लिया गया है। टीकाकरण की नोडल अधिकारी डॉ. कोमल सिंह ने बताया कि चूंकि किशोर-किशोरियों को केवल कोवैक्सीनेशन की ही डोज लगाई जानी है इसलिए उनके लिए अलग ही टीकाकरण केंद्र बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 88 मरीज मिलने पर राज्य के लोगों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोविड को पुन: महामारी बनने से रोकने के लिए हमें सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कोविड वायरस का निरतंर नया स्वरूप हमारे लिए चिंता का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस संबंध में अपनी तरफ से पूरी तैयारी कर रही है। कोविड-19 व उसके नए वैरिएंट ओमीक्रॉन को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। लेकिन इसकी रोकथाम के लिए सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने अपील की कि सभी लोग अनिवार्य रूप से मास्क लगाएं, साबुन पानी अथवा हैंड सैनिटाइजर से हाथों को निरंतर साफ करें। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें, सर्दी-जुकाम के लक्षण होने पर जांच करवाएं एवं आस-पास के लोगों को भी जागरूक करें। सीएम ने कहा कि देशभर में कोविङ-19 के रोगियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। उत्तराखंड राज्य में भी औसतन मामूली बढ़ोतरी दर्ज हुई है। कोविड को पुन: महामारी का रूप लेने से रोकने के लिए पूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में टीकाकरण की पहली डोज 100 प्रतिशत लोगों को प्रदान की जा चुकी है व दूसरी डोज भी 82 प्रतिशत लोगों को दी जा चुकी है।
17 नए ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट हो रहे स्थापित
सीएम ने कहा कि कोविड के उपचार के लिए प्रदेश में 71 ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट काम कर रहे हैं और 17 नए ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। पर्याप्त आइसोलेशन बेड, ऑक्सीजन सपोर्ट बेड, आईसीयू बेड, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सिलिंडर व ऑक्सीजन कॉन्सेन्ट्रेटर उपलब्ध हैं।
तीन जनवरी को 15 से 18 वर्ष के किशोरों को टीका
धामी ने बताया कि तीन जनवरी से कोविड-19 टीकाकरण का अगला चरण 15 से 18 वर्ष (वर्ष 2007 या उससे पूर्व जन्मे) तक के सभी किशोरों, 10 जनवरी 2022 से स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं एवं फ्रंट लाइन वर्करों तथा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मोर्बिडिटी वाले नागरिकों का वैक्सीनेशन किया जाएगा।