केंद्र सरकार से नियमित रूप से कोविड वैक्सीन की डोज मिलने से राज्य में टीकाकरण की रफ्तार बढ़ रही है। दूसरी बार प्रदेश में एक दिन में सर्वाधिक 1.19 लाख से अधिक लोगों ने वैक्सीन की पहली व दूसरी डोज लगाई है। मंगलवार को केंद्र से एक लाख टीके राज्य को मिले। 11 जुलाई को 72 हजार कोविशील्ड और 30 हजार कोवाक्सिन की खेप और मिलेगी।
राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कुलदीप मर्तोलिया ने बताया कि प्रदेश में वैक्सीन की कमी नहीं है। केंद्र सरकार की ओर से लगातार वैक्सीन उपलब्ध कराई जा रही है। मंगलवार को पूरे प्रदेश में 731 केंद्रों पर 119596 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
वहीं, केंद्र सरकार से एक लाख वैक्सीन की डोज मिली है। बुधवार को एक लाख से अधिक वैक्सीन राज्य को मिलेगी। प्रदेश में अब तक 67 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। 18 से 44 आयु वर्ग में 26.22 लाख से अधिक को पहली और 1.29 लाख लोगों को दूसरी डोज लगाकर टीकाकरण पूरा किया जा चुका है।