रुड़की शहर में अलग-अलग जगह लगाए गए छह वैक्सीनेशन सेंटरों पर लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। वैक्सीनेशन सेंटरों की संख्या कम होने पर टीका लगवाने के लिए लंबी कतार लगी रही। कुछ सेंटरों पर भीड़ ज्यादा होने के चलते शारीरिक दूरी के नियम भी टूटे। हालांकि, वहां तैनात स्टाफ ने लोगों को लाइन में लगवाया।
सोमवार को शहर में छह सेंटरों पर कोरोना वैक्सीन लगाई गई। इनमें सिविल अस्पताल, हेल्पिंग हैंड, अग्रवाल धर्मशाला साकेत, रामपुर चुंगी स्थित विधायक फुरकान अहमद का कार्यालय और मिलाप नगर स्थित वैक्सीनेशन सेंटर शामिल है। कुछ सेंटरों पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। ऐसे में शारीरिक दूरी के निमयों का पालन नहीं हो पाया। इसकी शिकायत कुछ लोगों ने सेंटर पर तैनात स्टाफ से की।
ऐसे में स्टाफ के सदस्यों ने लोगों से लाइन में लगने की अपील की। साथ ही लाइन में लगने वाले को ही वैक्सीन लगाने की बात कही। तब जाकर लोग लाइन में लगे। सेशन साइट इंचार्ज रामकेश गुप्ता ने बताया कि वैक्सीनेशन सेंटर पर भीड़ अधिक होने के चलते कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन न हो, इसलिए सोमवार को सेंटरों के बाहर विशेष रूप से सभी को शारीरिक दूरी बनाने के लिए बार-बार कहा गया। जो लोग मास्क लगाकर नहीं आए थे, उनको मास्क वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में बेघर लोगों के लिए कोविड वैक्सीनेशन के विशेष अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर बेघर लोगों को राशन किट और मास्क भी बांटे गए।
रायपुर क्रासिंग, देहरादून में आवास विहीन लोगों को राशन किट एवं मास्क का वितरण किया गया। यह राशन किट अक्षय पात्र फाउंडेशन के सौजन्य से उपलब्ध कराई गई। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम झुग्गी झोपड़ी एवं मलिन बस्तियों में जाकर आवास विहीन लोगों को कोविड टीकाकरण करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी चार माह में प्रदेश में शत प्रतिशत टीकाकरण किया जाएगा। प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक कोविड टीकाकरण के लिए लगातार कैंप लगाए जा रहे हैं। प्रदेश में टीकाकरण की गति में बहुत तेजी आई है। मलिन बस्तियों एवं झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले सभी लोगों का निर्धारित मानक के अनुसार टीकाकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड की संभावित तीसरी लहर के लिए राज्य सरकार की पूरी तैयारी है। कोविड के दौरान सामाजिक संगठनों, संस्थाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा भी जन सहयोग के लिए सरकार को अच्छा सहयोग दिया जा रहा है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार उपस्थित थे।