महिलाओं के राहत व पुनर्वास के लिए निर्भया फंड को बताया महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध से पीड़ित महिलाओं के राहत व पुनर्वास के लिये निर्भया फंड बहुत महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार द्वारा निर्भया फंड के लिए केंद्र से 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव प्रेषिक किया गया है। उन्होंने उक्त प्रस्ताव को जल्द स्वीकृत किये जाने का भी अनुरोध किया। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को वित्तीय सहायता की योजना’ के तहत उत्तराखंड के लिये 527 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गये हैं। इस मद में पूर्व में 365 करोड़ की राशि अवमुक्त की गई थी। अब शेष 162 करोड़ रुपये की राशि भी अवमुक्त कर दी गई है। इस प्रकार भारत सरकार द्वारा पूरी धनराशि 527 करोड़ अवमुक्त कर दी गई है।
यूूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर सीएम ने दिया बयान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृतियों के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास पथ की ओर अग्रसर है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता को लागू करना संविधान निर्माताओं के सपनों को पूरा करने की दिशा में अहम कदम होगा। इस कानून का दायरा सभी नागरिकों के लिए समान रूप से होगा, चाहे वे किसी भी धर्म में विश्वास रखते हों। यह संविधान की भावना को मूर्त रूप देगा। उन्होंने कहा कि मामले में न्यायविदों, सेवानिवृत्त जज, समाज के प्रबुद्धजनों और अन्य स्टेकहोल्डर की एक कमेटी गठित होगी। कमेटी समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट तैयार करेगी।
ये भी पढ़ें...हाईकोर्ट: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व भाजपा विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ दायर चुनाव याचिका पर सुनवाई आज
मोदी, शाह, राजनाथ, नड्डा को दिया, चारधाम यात्रा पर आने का निमंत्रण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भेंट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को चारधाम यात्रा पर आने का निमंत्रण दिया। सूत्रों के मुताबिक, सभी केंद्रीय नेताओं ने निमंत्रण पर अपनी सहमति दी है। नड्डा से शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें उत्तराखंड का स्मृति चिह्न भेंट किया। दोनों के बीच संगठन और राजनीति से जुड़े मसलों पर चर्चा हुई। सीएम ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रदेश सरकार के भावी विकास एजेंडे से भी अवगत कराया।