जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री रघुनाथ सिंह नेगी ने शंकरपुर जमीन फर्जीवाड़े में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। आरोप लगाया कि हरक पर कार्रवाई करने में प्रशासन और पुलिस दबाव पर रहता है।
निशंक के करीबी हैं रघुनाथ सिंह
ऐसे समय में जबकि राष्ट्रपति शासन है, पुलिस प्रशासन चाहे तो निष्पक्ष कार्रवाई कर सकती है। दावा किया कि हरक के खिलाफ कार्रवाई अभी नहीं तो कभी नहीं हो सकती है। रघुनाथ नेगी कांग्रेस के बागी हरक के चिर प्रतिद्वंद्वी पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक के करीबी माने जाते हैं।
राज्य में बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के साथ ही नेताओं के पुराने विवाद भी बाहर निकल रहे हैं। इस बार जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ नेगी ने सोमवार को गढ़वाल परिक्षेत्र के आईजी और एसआईटी प्रभारी संजय गुंज्याल से मिलकर शंकरपुर जमीन फर्जीवाड़े की जांच की मांग की है।