ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
श्यामपुर। शहीद हमीर पोखरियाल के नाम से जल्द ही गुमानीवाला में एक भव्य शहीद द्वार बनेगा। इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने करीब पांच लाख रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। हमीर पोखरियाल सात अगस्त 2018 को कश्मीर के गुरेज सेक्टर में शहीद हो गए थे। वहीं गुमानीवाला में शहीद सैनिक विकास गुरुंग (16 जून 2018) की याद में द्वार बनाने कार्य चल रहा है।
गुमानीवाला-भट्टोवाला मार्ग पर मुख्य हाइवे से जुड़ता है। गुमानीवाला-भट्टोवाला मार्ग दो ग्रामसभाओं को जोड़ता है। इसके पास ही शहीद हमीर पोखरियाल के नाम से मुख्य द्वार बनाने की योजना है। जेई बृजमोहन सैनी ने बताया कि पैसा स्वीकृत है। जल्द ही द्वार निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। वहीं गुमानीवाला (रूसाफार्म) से शहीद सैनिक विकास गुरुंग (16 जून 2018) की याद में द्वार बनाने का काम चल रहा है।
सरकार की उपेक्षा से आहत हैं शहीदों के परिजन
श्यामपुर। शहीद हमीर पोखरियाल की माता राजकुमारी, विकास गुरुंग के पिता रमेश गुरुंग तथा प्रदीप रावत के पिता कुंवर सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से अब तक कोई खास सहायता नहीं मिली है। इसी बीच गढ़वाल राइफल्स के मुखिया लेफ्टीनेंट जनरल चेरीश मैथसन ने बुधवार को अधिकारियों के साथ शहीद हमीर पोखरियाल के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।