अमर उजाला ब्यूरो
कुलपहाड़/श्रीनगर। दुर्घटनाओं में बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। वहीं एक अन्य घटना में ट्रैक्टर पलटने से पांच लोग घायल हो गए है। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली कुलपहाड़ के ग्राम सुगिरा निवासी सरमन कुशवाहा (55) गुरुवार को साइकिल से सब्जी बेचने कस्बा कुलपहाड़ आया था। घर लौटते समय रास्ते में बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे साइकिल सवार उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ में भर्ती कराया। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
श्रीनगर प्रतिनिधि के अनुसार- गुरुवार को महोबा मंडी में उरद व मूंगफली बेचकर ट्रैक्टर से पांच लोग घर लौट रहे थे। तभी छतरपुर रोड पर दूसरे ट्रैक्टर को ओवरटेक करते समय ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया।
जिससे अतरार माफ निवासी चालक अजीत सिंह (38), रामचरन (95) , हरदयाल (55), संतोष (23) व इमिलिया निवासी चुलियां (60) वर्ष घायल हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा है।