बचपन से था क्रिकेट देखने का शौक
संध्या नागौर जिले के तामड़ोली गांव की रहने वाली हैं। उनके घर के पास गोचर जमीन पर अक्सर लड़के क्रिकेट खेलते थे। चार साल की संध्या अक्सर यह मैच देखने जाया करती थीं। इसके बाद आर्थिक तंगी के चलते संध्या के पिता हनुमान गौरा को परिवार समेत हैदराबाद आना पड़ा
पिता चलाते हैं टेम्पो
संध्या के पिता हैदराबाद में टेम्पो चलाकर अपने परिवार की रोजी-रोटी चलाते हैं। यहां आने के बाद संध्या कभी अपने भाई और कभी अपने पापा के साथ टेम्पो में बैठकर घूमने जाती तो रास्ते में राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और राज्य क्रिकेट की एकेडमी आती थी। एकाध बार संध्या जिद करके अपने पिता के साथ इस स्टेडियम में आईपीएल मैच देखने गईं। जब उन्होंने पहली बार इस मैदान पर मैच देखा तो ठान लिया कि उन्हें भी ऐसे ही क्रिकेट मैदान पर खेलना है।
51 गेंदों पर जड़ा शतक
संध्या शुरुआत में हैदराबाद में जेडीमेटला क्षेत्र के मोहल्ले में क्रिकेट खेलना शुरू किया। यहां खेलते हुए उनका स्कूल टीम में चयन हो गया। जिन दिनों वह स्कूल में खेलती थीं तो उनकी प्रतिभा देखकर कोच ने उन्हें बेहदर प्रैक्टिस करने और एकेडमी में जाने की सलाह दी। लेकिन घर में पैसों की कमी के चलते उन्होंने कोच की बातों पर ध्यान नहीं दिया। सबकुछ ऐसी ही चलता रहा। करीब छह साल पहले हैदराबाद में हुए इंटर स्कूल प्रतियोगिता के फाइनल में 51 गेंदों पर बनाए गए धुआंधार शतक ने संध्या को पूरे शहर में पहचान दिलाई।
पिता ने सब कुछ दांव पर लगा दिया
संध्या के क्रिकेट प्रतिभा की जानकारी धीरे-धीरे उनके पिता के पास पहुंची। स्कूल प्रधानाचार्य समेत कोच और कई लोगों ने उन्हें बेटी को क्रिकेट एकेडमी ज्वाइन कराने की सलाह दी। जिसके बाद संध्या के पिता ने बेटी के सपने के साकार करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने हैदराबाद की सबसे बेहतरीन डॉन बॉस्को क्रिकेट एकेडमी में संध्या को दाखिला दिलाया। डेढ़ साल बाद संध्या का हैदराबाद की अंडर 16 राज्य टीम में उनका चयन हो गया।
अब सलामी बल्लेबाज के तौर पर हुआ चयन
बीते तीन सितंबर को हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में हुए ट्रॉयल के दौरान संध्या का हैदराबाद राज्य की अंडर-19 टीम में सलामी बल्लेबाज के तौर पर चयन किया गया। वह इस समय राजकोट में हैं और वह अभ्यास कर रही हैं। 28 सितंबर को संध्या राजकोट में हैदराबाद राज्य की अंडर 19 टीम से बीसीसीआई के नेशनल वनडे टूर्नामेंट के तहत अपना पहला मैच खेलेंगी।