आईपीएल-6 में खराब प्रदर्शन से जूझ रही गत चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स को यहां मुंबई इंडियंस के खिलाफ 65 रन से हार का सामना करना पड़ा।
कोलकाता की यह 12 मैचों में आठवीं हार है और अब उसकी प्ले-ऑफ में पहुंचने की उम्मीद बहुत कम रह गई हैं। दूसरी ओर मुंबई 12 मैचों में 16 अंक के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
171 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता टीम बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण 18.2 में सिर्फ 105 रन पर लुढ़क गई।
फुल लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें
कोलकाता की शुरुआत खराब रही और कप्तान गौतम गंभीर खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। मनविंदर बिसला (17), यूसुफ पठान (13) और इयोन मोर्गन (05) जैसे धुरंधर भी ज्यादा देर विकेट पर नहीं टिक सके। ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने सर्वाधिक तीन जबकि मिचेल जॉनसन और प्रज्ञान ओझा ने दो-दो विकेट चटकाए।
कोलकाता को मिली 171 रन की चुनौती
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइटराइडर्स के सामने जीत के लिए 171 रन की चुनौती रखी है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई को सचिन तेंदुलकर और ड्वेन स्मिथ ने 93 रन की साझेदारी कर ठोस शुरुआत दिलाई।
हालांकि दोनों बल्लेबाज छह रन के अंदर पेवेलियन लौट गए। सचिन ने 28 गेंद में आठ चौकों की मदद से 48 रन की पारी खेली जबकि स्मिथ ने 53 गेंद में सात चौके की मदद से 47 रन का योगदान किया।
आखिरी ओवरों में दिनेश कार्तिक ने 18 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 34 रन की ताबड़तोड़ पारी खेल टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। इस बीच मुंबई की पारी के नौवें ओवर के बाद फ्लड लाइट में खराबी आ गई जिस कारण मैच लगभग 20 मिनट तक रुका रहा।