वेस्ट इंडीज में इसी हफ्ते शुरू हो रही त्रिकोणीय सीरीज के लिए चोटिल इरफान पठान की जगह समी अहमद को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
पठान रविवार को चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे लेकिन हैमस्ट्रिंग के कारण अब वह स्वदेश लौट रहे हैं।
आलराउंडर इरफान को टूर्नामेंट में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। हालांकि उन्हें अभ्यास मैच में श्रीलंका के खिलाफ गेंदबाजी करने का मौका मिला था पर पांच ओवर में बिना किसी सफलता के 45 रन खर्च कर दिए थे।
उनकी जगह शामिल किए गए समी इस समय देश के सबसे तेज गेंदबाजों में शुमार किए जाते हैं।
समी अहमद अब तक पांच वनडे में चार विकेट ले चुके हैं। समी के नाम 15 प्रथम श्रेणी मैचों में 65 विकेट हैं। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में पकिस्तान के खिलाफ वनडे करियर का आगाज किया था और अपने पहले ही मैच में चार या चार से ज्यादा मेडन ओवर फेंकने का रिकॉर्ड बना दिया।
बंगाल के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलने वाले समी सीधे कोलकाता से जमैका के लिए उडान भरेंगे। भारत को पहला मैच 30 जून को मेजबान वेस्ट इंडीज के खिलाफ खेलना है।