बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ के आसौदा थाना क्षेत्र के लोहारहेड़ी गांव में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे में 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार मृतका निर्मला सुबह करीब साढ़े सात बजे अपने घर के पास मौजूद थी, तभी एक पुरानी मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद परिजनों ने मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर आसौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीणों ने बताया कि दीवार पुरानी और जर्जर हालत में थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।