फोटो संख्या:69- सांसद चौधरी धर्मवीर से मुलाकात करते हाउसिंग बोर्ड रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन
महेंद्रगढ़। हाउसिंग बोर्ड रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन सिसोठ का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह से मिला। प्रधान प्रतिनिधि गोपीचंद यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कॉलोनी की वर्षों से लंबित समस्याओं को लेकर सांसद को मांग पत्र सौंपा।
सचिव मास्टर नित्यानंद ने बताया कि कॉलोनी में 175 मकान हैं, लेकिन सफाई, पेयजल, सड़क और जल निकासी जैसी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कॉलोनी को नगर पालिका के अधीन लाने, जलापूर्ति व्यवस्था जन स्वास्थ्य विभाग को सौंपने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और स्थायी जल निकासी की मांग रखी।
सांसद ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में सचिव नित्यानंद, सतबीर सिंह, संजय यादव और रविंद्र सिंह शामिल रहे।