विद्युत करेंट की जद में आने से मृतक हनुमानगंज निवासी राजकुमार। फाइल फोटो, परिजन
सुखपुरा/हनुमानगंज। हनुमानगंज निवासी राजकुमार गुप्ता (38) की सोमवार की सुबह आरओ प्लांट चालू करते समय करंट लगने से मौत हो गई।
राजकुमार गुप्ता बोतलबंद आरओ का पानी तैयार कर घर-घर सप्लाई करने का कार्य करते थे। सोमवार सुबह वह प्रतिदिन की तरह अपने प्रतिष्ठान पर आरओ मशीन चालू करने पहुंचे। इसी दौरान अचानक मशीन में उतरे करंट की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी तब हुई, जब एक ग्राहक पानी लेने के लिए प्रतिष्ठान पर पहुंचा। उसने राजकुमार को अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ा देखा और शोर मचाया।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि राजकुमार परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब छह वर्ष और तीन वर्ष है। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। क्षेत्र के लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने की मांग की है।