टांडा (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां की ग्राम पंचायत कवाड़ी में बन रहे फोरलेन से पेश आ रहीं दिक्कतों के कारण इलाकावासी भड़के गए हैं। समस्याओं का समाधान न होने से ठानपुरी से परौर तक बन रहे नेशनल हाईवे पर नगरोटा से सटे कवाड़ी गांव के निवासियों में फोरलेन बनाने वाली कंपनी के प्रति रोष है। इसके चलते वीरवार को ग्रामीणों ने काम को बंद करवा दिया और रोष प्रदर्शन किया। पिछले दो साल से सिंचाई की सभी प्रमुख कूहलें टूट चुकी हैं। इससे किसानों को परेशानी झेलनी रही है। लोगों का कहना है कि कार्य कर रही कंपनी को बार-बार इसके बारे में सूचित किया गया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई।
स्थानीय निवासी सुरेंद्र वालिया, मंगल चौधरी, रेनू बाला और तृप्ता आदि ने बताया कि कूहलें बंद होने से खेतों में फसल और सब्जियों की सिंचाई तक नहीं कर पा रहे हैं। निर्माण कर रही कंपनी ने मिट्टी डाल कर रोड की ऊंचाई बढ़ा दी है, जिसके चलते गांववासियों को अपनी कृषि भूमि तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। दो वर्षों से कंपनी को अंडर वे बनाने के बारे में कई बार अवगत करवाया लेकिन, आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बारे में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भी लिखा था, लेकिन कोई राहत नहीं मिली है।
कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमनदीप सिंह ने बताया कि इस स्थान पर जंक्शन बनाना प्रस्तावित है, लेकिन स्थानीय लोग अपने वाहनों और मवेशियों को उस पार ले जाने के लिए अंडर वे बनाने की मांग की है। इसके लिए अनुमति मांगी है, जैसे ही अनुमति मिलेगी स्थानीय लोगों की यह मांग पूरी कर दी जाएगी।