ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले पंजाब के खिलाड़ी।
- फोटो : @capt_amarinder (फाइल फोटो)
पंजाब के स्कूल शिक्षा और लोक निर्माण मंत्री विजय इंदर सिंगला ने रविवार को बताया कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के 11 पंजाबी खिलाड़ियों के नाम पर 10 स्कूलों के नाम रखने की मंजूरी दे दी है। इस फैसले से विद्यार्थियों को खेलों में आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (जीएसएसएस) मिट्ठापुर जालंधर का नाम भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह के नाम पर रखा गया है। स्कूल अब ओलंपियन मनप्रीत सिंह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल मिट्ठापुर के नाम से जाना जाएगा। इनके अलावा सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल टिंमोवाल (अमृतसर) का नाम उप कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नाम पर रखा गया है, जो ओलंपिक में भारत के लिए सबसे अधिक छह गोल दागने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं।
सरकारी प्राइमरी स्कूल मिट्ठापुर जालंधर का नाम ओलंपियन मनदीप सिंह-वरुण कुमार सरकारी प्राइमरी स्कूल मिट्ठापुर जालंधर रखा गया है। दोनों खिलाड़ियों ने क्रमश: स्ट्राइकर और डिफेंस खिलाड़ी के तौर पर ओलंपिक के दौरान बहुत शानदार प्रदर्शन किया। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल अटारी (अमृतसर) अब ओलंपियन शमशेर सिंह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल अटारी के तौर पर जाना जाएगा, जिसने टूर्नामेंट के दौरान एक सफल मिडफील्डर के तौर पर बेहतरीन भूमिका निभाई।
सरकारी मिडिल स्कूल (बेसिक गर्ल) फरीदकोट को ओलंपियन रुपिंदरपाल सिंह सरकारी मिडिल स्कूल (बेसिक गर्ल) फरीदकोट का नाम दिया गया है। रुपिंदरपाल ने भी टोक्यो ओलंपिक में चार गोल किए थे। सरकारी मिडिल स्कूल खुसरोपुर जालंधर को ओलंपियन हार्दिक सिंह सरकारी मिडिल स्कूल खुसरोपुर जालंधर का नाम दिया गया है, क्योंकि हार्दिक ने नॉक आउट चरण में बहुत अहम भूमिका निभाई थी। सरकारी प्राइमरी स्कूल खलहिरा अमृतसर का नाम ओलंपियन गुरजंट सिंह सरकारी प्राइमरी स्कूल खलहिरा (अमृतसर) कर दिया गया है।
इसी तरह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बुताला (अमृतसर) का नाम ओलंपियन दिलप्रीत सिंह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बुताला रखा गया है। गुरजंट और दिलप्रीत दोनों भारतीय हॉकी टीम में स्ट्राइकर के तौर पर खेल रहे थे। सरकारी हाई स्कूल चाहल कलां (गुरदासपुर) को ओलंपियन सिमरनजीत सिंह सरकारी हाईस्कूल चाहल कलां कर दिया गया है। कांस्य पदक के मुकाबले में सिमरनजीत ने दो बहुत अहम गोल दागे थे। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल हुसैनपुर (आरसीएफ) कपूरथला को ओलंपियन कृष्ण बी. पाठक का नाम दिया गया है।