कैप्टन अमरिंदर सिंह। (फाइल फोटो)
- फोटो : एएनआई
रेहड़ी-फड़ी वालों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य में फल और सब्जियों की परचून मंडियों में लागू यूजर्स चार्ज को मौजूदा वित्त वर्ष के 7 महीनों के लिए हटा लिया है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को यह फैसला पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन लाल सिंह द्वारा उठाए मामले पर विचार के बाद लिया।
लाल सिंह मंगलवार दोपहर मुख्यमंत्री से मिलने उनके सरकारी आवास पर पहुंचे थे। लाल सिंह द्वारा उठाए मुद्दे पर विचार-विमर्श के बाद कैप्टन ने परचून मंडियों का यूजर्स चार्ज एक सितंबर, 2021 से 31 मार्च, 2022 तक हटाने का फैसला लिया। लाल सिंह के मुताबिक, राज्य भर की मार्केट कमेटियों की तरफ से चलाई जा रही फल व सब्जी की 34 परचून मंडियों के इन रेहड़ी-फड़ी वालों को राहत देने से मंडी बोर्ड के खजाने पर तकरीबन 12 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि मार्केट कमेटियां मंडियों के बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल करने के एवज में ठेकेदारों के जरिए यूजर्स चार्ज एकत्र करती हैं। राज्य में रेहड़ी-फड़ी वालों को सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए 27 मार्केट कमेटियां ई-टेंडरिंग के जरिए ठेका अलाट करके यूजर्स चार्ज वसूलती हैं, जबकि बाकी कमेटियां निजी तौर पर यह चार्ज वसूल करती हैं।