पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा।
- फोटो : ANI
धान के सीजन की शुरुआत के साथ ही पंजाब के उप मुख्यमंत्री व गृहमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने दूसरे राज्यों से पंजाब की मंडियों में बिक्री के लिए अवैध तरीके से लाए जा रहे धान और चावल का प्रवेश रोकने के लिए पुलिस विभाग को सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें - पंजाब: सिद्धू बोले- मेरे पास कोई पद हो या न हो, हमेशा दूंगा राहुल और प्रियंका गांधी का साथ
रंधावा ने शनिवार को सभी जिला पुलिस प्रमुखों से कहा कि पंजाब के साथ लगते राज्यों से पंजाब आने वाले चावल और धान को रोकने के लिए सभी मुख्य सड़कों और लिंक सड़कों पर दिन-रात नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जाए। साथ ही रंधावा ने प्रमुख सचिव (गृह) और डीजीपी को भी पत्र जारी कर कहा कि दूसरे राज्यों से आ रहे चावल व धान को रोकने के लिए जिलों में आवश्यक अतिरिक्त पुलिस स्टाफ शनिवार शाम तक तैनात कर दिया जाए।
रंधावा ने सभी एसएसपीज को भी सचेत करते हुए कहा कि खासतौर पर दूसरे राज्यों से लगते पंजाब के 11 जिलों फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मानसा, संगरूर, पटियाला, एसएएस नगर, रोपड़, होशियारपुर, गुरदासपुर व पठानकोट के पुलिस प्रमुख यकीनी बनाएं कि किसी भी रास्ते पर कोई भी वाहन ऐसा गैरकानूनी काम न कर सके।