सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर खत्म करवाया विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। वेस्ट विधानसभा क्षेत्र के विधायक जसबीर सिंह की मौजदूगी में आम आदमी पार्टी के दो ब्लाॅक अध्यक्ष व उनके समर्थक हाथापाई करते हुए भिड़ गए। हालात ऐसे बन गए कि वहां तैनात सुरक्षा कर्मचारियों ने हस्तक्षेप करके विवाद पर कंट्रोल किया। इस विवाद का वीडियो भी वायरल हो गया। मामला वेस्ट विधानसभा क्षेत्र के पार्टी चुनाव प्रचार कार्यालय का बताया जा रहा है।
विधायक जसबीर सिंह ने चुनावों को लेकर सभी ब्लाॅक अध्यक्षों और वर्करों की बैठक बुलाई थी। इसमें वेस्ट क्षेत्र के पार्षद, हलका प्रभारी, वर्कर व विभिन्न पदाधिकारी पहुंचे हुए थे। अन्य पार्टियों से आए नेताओं और पार्षदों को प्रमुखता दिए जाने व पुरानों को नजरंदाज करने को लेकर विवाद शुरू हो गया। जब इस मुद्दों पर चर्चा हो रही थी तो दो ब्लाॅक अध्यक्षों में इसे लेकर हाथापाई व तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। इसके चलते बैठक में धक्कामुक्की भी शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख विधायक और उनके सुरक्षा कर्मचारियों ने हस्तक्षेप करके मामले को सुलझाते हुए दोनों पक्षों का शांत करवाकर चुनाव प्रचार में डटने का आह्वान किया।
- फोटो