शिरोमणि कमेटी के सचिव ने डिप्टी कमिश्नर को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने अमृतसर के डीसी को पत्र लिखकर प्रशासन से श्री हरिमंदिर साहिब की ओर जाने वाली सड़कों और हरिमंदिर साहिब के आसपास के गलियारे की सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
शिरोमणि कमेटी के सचिव प्रताप सिंह द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया है कि श्री हरिमंदिर साहिब पूरी दुनिया के लोगों की आस्था का केंद्र है। यहां रोजाना देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने आते हैं, जबकि श्री हरिमंदिर साहिब तक जाने वाली सड़कों की हालत दयनीय बनी हुई है। सुल्तानविंड गेट से बाजार काहरियां वाला तक सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है और इस सड़क में सीवरेज सिस्टम चालू नहीं किया गया है। सड़क पर गंदगी के कारण जहां दुर्गंध रहती है, वहीं जाम के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होती है। पत्र के माध्यम से हरिमंदिर साहिब आने वाली सड़कों पर सीवरेज शुरू करने और सड़क की मरम्मत करने के साथ ही सभी सड़कों की सफाई सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इसके साथ ही हरिमंदिर साहिब के आसपास बने गलियारे की सफाई की खराब हालत की ओर भी ध्यान दिलाया गया है।
प्रताप सिंह ने कहा कि इससे पहले भी कई बार सरकार व प्रशासन को पत्र लिखा जा चुका है। उन्होंने कहा कि हरिमंदिर साहिब की ओर जाने वाली सड़कों पर जहां गंदगी के ढेर लगे हैं, वहीं गलियारों में भी सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। प्रशासन की ओर से ध्यान नहीं दिए जाने के कारण यहां नशेड़ी लोग बैठे रहते हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बनते हैं। उन्होंने कहा कि डीसी को पत्र लिखकर संबंधित विभाग को निर्देश जारी करने को कहा गया है और यह भी लिखा है कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो हेरिटेज स्ट्रीट का प्रबंधन शिरोमणि कमेटी को सौंप दिया जाए।