चंडीगढ़। सेक्टर-9 में कैप्टन अमरिंदर सिंह के कार्यक्रम में महंगे मोबाइल उड़ाने वाले गिरोह ने बलाचौर में हुए कबड्डी कप में भी मोबाइल चुराए थे। यह गिरोह लुधियाना का है और ज्यादा भीड़ भाड़ वाले कार्यक्रमों में पहुंचकर मोबाइल चुराता है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों लुधियाना निवासी साहिल, राजेश बंसल और मुंडी खरड़ के संजीव खन्ना को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत में पेश कर साहिल और राजेश बंसल का दो दिन जबकि संजीव खन्ना का पांच दिन का रिमांड लिया है। अब चौथे आरोपी तेजिंदर सिंह की तलाश है।
पुलिस के अनुसार, लुधियाना से वरना कार में सवार होकर राजेश बंसल, संजीव खन्ना और तेजिंदर सिंह चंडीगढ़ पहुंचे थे। उन्होंने कार सेक्टर 9 स्थित सिटको के पेट्रोल पंप के पास खड़ी कर दी। सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे जैसे ही कैप्टन अमरिंदर सिंह सेक्टर 9 पहुंचे, तो लोग उन्हें गुलदस्ते भेंट करने दौड़ पड़े। उनके चारों तरफ भीड़ इकट्ठी हो गई। इसका फायदा उठाकर संजीव खन्ना और तेजिंदर सिंह ने छह महंगे मोबाइल चुराए और ले जाकर वरना कार में रख दिए। उन्हें इस बात का अहसास नहीं था कि उनकी हरकत कार्यक्रम में सुरक्षा के लिहाज से लगाए गए ड्रोन में कैद हो चुकी है। कुछ ही देर में जब लोगों को मोबाइल चोरी का पता चला तो हंगामा मच गया। कैप्टन अमरिंदर सिंह तक भी इसकी सूचना पहुंची। ड्रोन की फुटेज देखी गई तो दो चोर मोबाइल चुराते नजर आए। इसकी सूचना सेक्टर 3 थाना पुलिस को दी गई। उधर, कार में बैठे संजीव खन्ना ने कहा कि उसे भूख लग रही है। वह समोसा खाने जा रहा है। जैसे ही वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा तो पुलिस ने उसे समोसा खाते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया, लेकिन तब तक वह फरार हो चुके थे। पुलिस ने बताया कि संजीव खिलौने बेचने का काम करता था। लॉकडाउन के बाद उसका काम बंद हो गया तो चोरी शुरू कर दी।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर धरे गए आरोपी
आरोपी राजेश बंसल के खिलाफ पंजाब में मोबाइल चोरी के तीन केस पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन के आधार पर लुधियाना से राजेश बंसल और दुकानदार साहिल को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने साहिल को मोबाइल अनलॉक करने के लिए दिए थे। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने 15 से ज्यादा मोबाइल बरामद किए हैं।
कबड्डी कप के दौरान पहुंचे थे गायक बब्बू मान, जुटी थी भारी भीड़
सूत्रों ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से खुलासा हुआ है कि उनके गिरोह ने बलाचौर में हुए कबड्डी कप के दौरान बड़ा हाथ मारा था। इस आयोजन में पंजाब के मशहूर गायक बब्बू मान पहुंचे थे। भारी संख्या में यहां भीड़ जुटी थी। युवाओं की तादाद ज्यादा थी, ऐसे में उन्होंने छह से ज्यादा महंगे मोबाइल चुराए थे।