फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसपी से बिजली मंत्री बोले- लास्ट वार्निंग दे रहा हूं, अवैध खुर्दे बंद कराओ नहीं तो एक्शन लूंगा

Mon, 27 Jan 2020 09:48 PM IST
ajay kumar कपिल भारतीय, अमर उजाला, हिसार ( हरियाणा)
विज्ञापन
हिसार में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने सोमवार को लघु सचिवालय में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक ली। बैठक की शुरुआत में ही बिजली मंत्री पुलिस अधीक्षक की कार्यप्रणाली से नाराज दिखे। पहली ही शिकायत की सुनवाई में मंत्री ने कहा कि पुलिस ने इस मामले को ढीला कर दिया है। इसके बाद जब गांव बुगाना की एक युवती व महिला ने गांव में अवैध शराब बिक्री की शिकायत रखी तो उसी पर शहर के पार्षदों ने भी जगह-जगह दुकानों में शराब बिकने की बात कही। 

विज्ञापन


पार्षद ने कहा कि एसपी को भी पूरी जानकारी दी हुई है। इस पर नाराजगी जताते हुए बिजली मंत्री ने एसपी शिवचरण से मुखातिब होते हुए कहा कि एसपी साहब क्या करते हैं आप। लास्ट वार्निंग दे रहा हूं। अवैध खुर्दे बंद करवाओ, नहीं तो अगली बार एक्शन लूंगा। अपने सभी एसएचओ को खींचो। अगली बैठक में इस बारे में स्पेशल पूछा जाएगा। एसपी के पास जी सर के अलावा कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

पार्षद बोले- हमने एसपी के साथ बैठक में दी थी पूरी जानकारी
बैठक में वार्ड आठ के पार्षद भूप सिंह रोहिल्ला ने मंत्री के सामने कहा कि पार्षदों व मेयर की एसपी के साथ करीब दो माह पहले बैठक हुई थी। वार्डों में चल रहे अवैध शराब के खुर्दों की जानकारी दी थी। मगर आज तक भी उन पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद समिति के कई अन्य सदस्यों की ओर से भी मंत्री के समक्ष जिले में अवैध रूप से शराब बिकने की शिकायतें रखी गईं। मंत्री रणजीत सिंह ने 12 शिकायतों पर सुनवाई की। इसमें से सात शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

विज्ञापन

सब्जी की दुकानों पर भी मिल रही शराब

अवैध शराब का मुद्दा उठते ही कष्ट निवारण समिति के ही एक सदस्य ने कहा कि उनके गांव संदलाना में सब्जी की दुकानों में भी शराब मिल रही है। पुलिस को जानकारी होने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती। इस पर मंत्री ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को भी आदेश दिए कि आबकारी विभाग और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से काम करते हुए इन अवैध खुर्दों पर पाबंदी लगाएं।

लोकसभा निगरानी कमेटी अध्यक्ष से बोले पार्षद, आपने भी कुछ लिया हुआ है क्या
बैठक में वार्ड सात के पार्षद मनोहर लाल वर्मा और वार्ड नंबर आठ के पार्षद भूप सिंह रोहिल्ला ने डीसीएम मिल के साथ जमीन की पैमाइश का मामला रखा। दोनों ने मंत्री को बताया कि आपने पिछली बैठक में दो दिन में पैमाइश कराने के निर्देश दिए थे। मगर पैमाइश को पटवारी व अन्य अधिकारियों ने मिलीभगत करके चार दिन तक लंबित रखा। 

इसके बाद उस पर कोर्ट से स्टे लग गया। तभी भाजपा लोकसभा निगरानी कमेटी के अध्यक्ष मनदीप मलिक पार्षदों की बात के विरोध में बोलने लगे। इस पर दोनों पार्षदों ने कमेटी अध्यक्ष मनदीप मलिक को खरी खोटी सुनाते हुए कहा कि आपने भी कुछ लिया हुआ है, जो मिल की तरफदारी कर रहे हो। बाद में मंत्री ने एक-एक करके दोनों पक्षों की बात सुनकर एसडीएम को जांच के निर्देश दिए।

सोसायटी की जांच करवाने के निर्देश
बैठक में प्रेम सिंह, अजमेर सिंह व बलवंत सिंह द्वारा दी हिसार स्कॉलर हाउस बिल्डिंग सोसायटी गंगवा की प्रधान कपिला देवी के खिलाफ सोसायटी में अनियमितताएं बरतने की शिकायत दी गई थी। इस पर डीएसपी ने बताया कि 12 दिसंबर 2019 को न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की जांच की जा रही है। शिकायतकर्ताओं के साथ कपिला देवी के तर्कों को सुनकर मंत्री ने सोसायटी की कार्यप्रणाली की जांच करवाने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

बिजली निगम के एसई पर झूठ बोलने के आरोप
बैठक में भाजपा नेता रामफल बूरा ने मंत्री से कहा कि आपके आदेशों के बाद भी बिजली निगम के अधिकारियों ने कोई काम नहीं किया है। उन्होंने अपने गांव घिराय में लोगों के घरों के सामने लगे ट्रांसफार्मर्स की फोटो दिखाई। इस पर एसई आरके सभ्रवाल ने कहा कि जब वह एसडीओ थे, तब गांव घिराय में सबसे अधिक चोरी होती थी। 

कोई अधिकारी गांव जाता तो उसको बंधक बना लेते थे। इस पर रामफल बूरा ने एसई पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी जान-बूझकर मिस गाइड कर रहे हैं। कभी किसी अधिकारी के साथ गांव में अभद्र व्यवहार नहीं हुआ। इस पर मंत्री ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाने की नसीहत दी।

बैठक में यह भी रहे उपस्थित
बैठक में बरवाला के विधायक जोगीराम सिहाग, उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी, मेयर गौतम सरदाना, हुडा प्रशासक एएस मान, एसपी शिवचरण, हांसी एसपी वीरेंद्र सांगवान, नगर निगम कमिश्नर डॉ. जेके आभीर के अलावा सभी विभागों के अधिकारी व समिति सदस्य मौजूद रहे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें