चंडीगढ़ में होटल, रेस्टोरेंट, कैफे आदि अब रात 9 बजे की जगह 10 बजे तक खुले रहेंगे, जबकि होम डिलीवरी का समय भी रात 10 से बढ़ाकर 12 बजे तक कर दिया गया है। कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच चंडीगढ़ प्रशासन ने गुरुवार को यह फैसला लेकर सबको चौंका दिया। हालांकि अमर उजाला ने 13 जनवरी के अंक में इस बात का खुलासा कर दिया था कि अफसर सख्ती बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं। यह फैसला भी लिया गया कि बस, टैक्सी, ऑटो रिक्शा समेत सभी सार्वजनिक वाहनों पर सीटों से अधिक सवारियां नहीं बैठाई जाएंगी। अब सवाल है कि हर सीट पर यात्री बैठेंगे तो शारीरिक दूरी के नियम का पालन कैसे होगा।
हालांकि समीक्षा बैठक में यूटी प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने कहा कि लोगों में यह धारणा बनी हुई है कि संक्रमण ‘हल्का’ है लेकिन पिछला अनुभव कहता है कि वायरस को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने अफसरों से सख्ती बरतने की बात कही। बैठक के दौरान जांच की रफ्तार को तीन गुना बढ़ाकर, प्रतिदिन 1200-1500 के मुकाबले 5000 तक बढ़ाने पर पुरोहित ने प्रशासन के प्रयासों की सराहना। कहा कि इससे मरीजों की शीघ्र पहचान कर संक्रमण को फैलने से रोकने में मदद मिलेगी।
पुरोहित ने कोविड दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू करने का आदेश देते हुए कहा कि तीव्र नियंत्रण और सक्रिय निगरानी निरंतर जारी रहनी चाहिए। बाजारों व मंडियों में कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने डीजीपी से सख्ती बरतने और चालान करने को कहा। साथ ही चेताया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आदेश दिया कि सार्वजनिक जमावड़े और भीड़भाड़ पर सख्ती से रोक लगाई जाए। प्रशासक ने टीकाकरण की दर पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि टीकाकरण कोविड के खिलाफ जंग का एक महत्वपूर्ण हथियार है और हमें जल्द से जल्द सभी योग्य लोगों के शत-प्रतिशत टीकाकरण को सुनिश्चित करना चाहिए।
कोवा सीएचडी एप को किया लांच
पुरोहित ने लोगों को कोविड संबंधी हर प्रकार की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने के लिए कोवा सीएचडी नामक एप को लांच किया। कोवा सीएचडी कोरोना वायरस अलर्ट एप है, जो लोगों को जागरूक करने के साथ सरकार द्वारा कोविड-19 संबंधी सुझाए गए परामर्श भी प्रदान करता है। प्रशासक ने कहा कि अधिक से अधिक लोग इस एप को अपने मोबाइल में इंस्टाल करें। इस एप की जियो-फेंसिंग सुविधा रोगी को खोजने के साथ-साथ क्वारंटीन का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखने में भी सहायता करती है।
विकलांग और गर्भवती महिला कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति
कोरोना जांच के दौरान कई लोगों ने गलत पता बताया है, इस समस्या को दूर करने के लिए प्रशासक ने स्वास्थ्य सचिव को आदेश कि वे जांच केंद्रों को सख्त निर्देश जारी करें, ताकि ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो। बैठक में यह सहमति बनी कि होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, कॉफी शॉप व खाने की जगहों को रात 10 बजे तक काम करने की अनुमति दी जाए। हालांकि, इन स्थानों की रसोई को रात 11 बजे तक खुले रहने की अनुमति होगी और 12 बजे मध्य रात्रि तक होम डिलीवरी की जा सकेगी। विकलांग और गर्भवती महिला कर्मचारियों को सरकारी कार्यालयों में आने से छूट दी जाएगी लेकिन उन्हें घर से काम करना होगा। कोविड की वर्तमान स्थिति संबंधी जानकारी देते हुए ट्राइसिटी के अधिकारियों ने बताया कि इस समय मोहाली में कुल 4363, पंचकूला में 2343, जबकि चंडीगढ़ में 4808 सक्रिय मामले हैं। बैठक में सलाहकार धर्मपाल समेत अन्य सभी अधिकारी उपस्थित रहे।